
Deoghar: रविवार को देवघर-सारठ एनएच पथ पर कुंडा थाना क्षेत्र के घाट घर के पास हुए सड़क हादसे के बाद ग्रामीणों ने वहां मौजूद पुलिस वालों पर हमला बोल दिया था। इस दौरान लोगों ने पथराव करके कुंडा थाना प्रभारी प्रवीण कुमार के वाहन को तोड़ दिया था। इसको लेकर थाना प्रभारी प्रवीण कुमार के बयान पर कुंडा थाने में मामला दर्ज किया गया है।

दर्ज मामले में जमुनियाटांड झारखंडी गांव निवासी कार्तिक यादव उर्फ ठेठी, लुटन यादव, संजू देवी, बसंती देवी, प्रदीप यादव के अलावा चार-पांच अज्ञात को आरोपित बनाया गया है। दर्ज मामले में कहा गया है कि उन्हें सूचना मिली थी कि सड़क हादसा हो गया है। इस सूचना पर वे और अन्य पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। वहां देखा कि स्कार्पियो दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। हादसे में लोग घायल हो गए थे। वे घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेज रहे थे। इस दौरान ग्रामीण वहां विरोध करने लगे। उन लोगों ने इंट पत्थर मारकर उनके निजी वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया। इतना ही नहीं पुलिस वालों के साथ धक्का मुक्की भी किया और चालक की पिटाई कर दी। जिससे चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस आरोपितों की तलाश में छापेमारी कर रही है।

वहीं, सड़क हादसे को लेकर तेजी व लापरवाही से गाड़ी चलाने के आरोप में गाड़ी के चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। मामला झारखंडी गांव निवासी पवन पंडित के बयान पर मामला दर्ज किया गया है। दर्ज मामले में कहा गया है कि वह घाट घर के पास किराए के मकान में मूर्ति बनाने का काम करता है। उसका बेटा ललन पंडित मूर्ति बना रहा था। इसी क्रम में एक स्कार्पियो चालक तेजी व लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए आया और बेटा को धक्का मार दिया। हादसे में वह घायल हो गया और बेहोश होकर गिर पड़ा। उसे इलाज के लिए एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया है।



