Deoghar: परिवार ही सभ्यता और संस्कृति का आइना है। ये बातें कुटुम्ब प्रबोधन के अखिल भारतीय संयोजक डॉ रविन्द्र जोशी ने देवघर बर्णवाल धर्मशाला में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कुटुम्ब प्रबोधन द्वारा आयोजित कार्यशाला में कही। उत्तर पूर्व क्षेत्र जिसके अंतर्गत उत्तर बिहार, दक्षिण बिहार तथा झारखंड प्रांत आते हैं की दो दिवसीय कार्यशाला बैद्यनाथ धाम की पावन भूमि पर हो रही है जिसमे झारखंड से 61, उत्तर बिहार से 24 तथा दक्षिण बिहार के 31, कुल 116 दम्पति सपरिवार भाग ले रहे हैं।

कार्यशाला की पूर्व संध्या को भजन संध्या सह सांस्कृतिक कार्यक्रम रखा गया तथा प्रातः 5 बजे से ही संघानुकूल कार्यक्रम में जुट गए कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक हवन से हुई जिसमें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला संघचालक माननीय गणेश लाल वर्णवाल, सह संघचालक डॉ निलेन्दु दत्त मिश्रा, कुटुम्ब प्रबोधन के प्रांत संयोजक सकलदेव चौरसिया सहित लगभग 25 लोग पत्नी सहित यजमान बने थे।

हवन के बाद कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत अखिल भारतीय संयोजक डॉ रविन्द्र जोशी, भागवत कथा वाचक तथा जगदगुरु स्वामी रामभद्राचार्य के शिष्य आचार्य उज्ज्वल शांडिल्य और कुटुम्ब प्रबोधन के क्षेत्र संयोजक सुनील कुमार वर्णवाल ने संयुक्त रूप से द्वीप प्रज्वलित कर किया। उसके बाद भारत विकास परिषद के नगर अध्यक्ष सन्तोष शर्मा एवं वरिष्ठ सदस्य मोहनलाल वर्णवाल ने अंगवस्त्र देकर अतिथियों का सम्मान किया। इसी के साथ कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत हो गयी, डॉ रविन्द्र जोशी ने जहाँ इस कार्यक्रम के महत्व को समझाया, वहीं कथावाचक पूजनीय उज्ज्वल शांडिल्य महाराज ने परिवार और संस्कृति के वैदिक महत्व पर प्रकाश डाला। तथा क्षेत्र संयोजक सुनील वर्णवाल द्वारा कार्यक्रम की रूपरेखा को स्पष्ट किया गया।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचारक विगेंद्र जी ने मीडिया संवाद में कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ व्यक्ति निर्माण का केन्द्र है, और व्यक्ति के अंदर सभ्यता और संस्कृति का विकास परिवार के द्वारा ही होता है। आज व्यक्तिवादी युग मे लोग संयुक्त परिवार के महत्व को भूलते जा रहे है, जिसका दुष्प्रभाव तलाक जैसी कुप्रथा है। संघ सदैव संयुक्त परिवार को बढ़ावा देने का कार्य करता है। ऐसे में यह कार्यशाला न सिर्फ सहभागियों के लिए बल्कि सम्पूर्ण भारतीय समाज के लिये मील का पत्थर साबित होगा।
कार्यक्रम में झारखंड सरकार के पूर्व कृषि मंत्री सह सारठ विधायक रणधीर सिंह, पूर्व श्रम मंत्री राज पलीवार, देवघर विधायक नारायण दास, वार्ड कमिश्नर सह प्रदेश कार्य समिति सदस्य रीता चौरसिया, भारतीय विकास परिषद के सन्तोष शर्मा, द० बिहार प्रान्त संघचालक राजकुमार सिन्हा, विभाग संघचालक विजय कुमार, विभाग कार्यवाह अरुण कुमार झा , कार्यक्रम के संयोजक दिनेश सिंह सहित सैकड़ों स्वयंसेवक उपस्थित थे।








