
Deoghar: देवघर जिले के मोहनपुर थाना इलाके के रिलाइंस पेट्रोल पंप स्थित लीला मंदिर के पास एक व्यक्ति को चाकू मारकर घायल कर दिया गया। घायल का नाम छोटू कुमार मंडल है जो रिखिया थाना इलाके के आमगाछी का रहने वाला है। उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वह लीला मंदिर के पास नाश्ता का दुकान चलाने का कार्य करता है।

पुलिस को दिए बयान में उसने कहा है कि मंगलवार की सुबह वह दुकान खोलने पहुंचा था। दुकान में झाड़ू लगाने के क्रम में एक युवक आया और अचानक उसके पेट में चाकू मार दिया और भागने लगा। उसके हो हल्ला करने के बाद आसपास के लोग जुटे। उसके उपरांत बाइक से पीछा कर चाकू मारने वाले को दबोच कर मोहनपुर पुलिस के हवाले कर दिया।

मामले को लेकर मोहनपुर थाना प्रभारी प्रेम प्रदीप ने बताया कि चाकू मारने वाला एक किशोर है। वह मूल रूप से बिहार के जमुई जिले के गिद्धौर थाना क्षेत्र का रहने वाला है। वर्तमान में रिखिया थाना इलाके के बंधा में अपने चाचा के घर रहता है। उसके पास से चाकू भी बरामद कर लिया गया है। बताया जाता है की चाकू मारने वाला किशोर मानसिक रूप से कमजोर है।


