
Deoghar: जिले की जसीडीह थाना पुलिस ने छापामारी कर लूटे गये 4 लाख रूपये में 3.60 लाख रूपये बरामद कर लिया। वहीं, इस मामले में पुलिस एक भी अपराधी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। बताते चलें कि 28 दिसंबर 2022 को बाइक सवार अपराधियों ने रोहणी मिश्रा टोला निवासी लंबोदर मिश्रा से 4 लाख रूपये छिनतई कर फरार हो गये थे। लंबोदर भू-अर्जन विभाग की ओर से मिले मुआवजे का रूपया निकला कर रोहणी स्टेट बैंक से घर जाने के लिये निकला था।

उसी क्रम में अपराधियों ने रूपये छिनतई कर ली थी। इसे लेकर सोमवार को सदर एसडीपीओ पवन कुमार ने एक प्रेसवार्ता कर विशेष जानकारी दी। मौके पर जसीडीह थाना प्रभारी पुनि विक्रम प्रताप सिंह और एसआई जीशान अख्तर उपस्थित थे।

एसडीपीओ ने बताया कि इस लूट कांड को कोढ़ा गैंग के द्वारा अंजाम दिया गया था। मामले का उद्भेदन को लेकर जसीडीह थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी सेल के सहारे छापेमारी कर बिहार के कटिहार जिले के थाना कोढ़ा साकिन जुराबगंज के रहने वाले अपराधी मनीष यादव के घर से तीन लाख 60 हजार रूपये बरामद कर लिया। कहा कि पुलिस मामले में संलिप्त अपराधियों की गिरफ्तारी के लिये छापामारी कर रही है।


