Dhanbad: जिले के तोपचांची थाना क्षेत्र अंतर्गत सुभाष चौक पर रविवार दोपहर बम विस्फोट होने से पांच महिलाओं सहित सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को धनबाद के एसएनएमएमसीएच में भर्ती कराया गया है। बम एक बाइक की डिक्की में रखा था जो धमाके के साथ फट पड़ा।

बताया जा रहा है कि धनबाद के गोमो का रहने वाला पिंकू बाइक में विस्फोटक पदार्थ लेकर जा रहा था। वह सुभाष चौक के समीप बाजार में सब्जी लेने के लिए रुका। इस बीच उसके बाइक में रखा विस्फोटक जोरदार आवाज के साथ फट पड़ा। विस्फोट इतना जोरदार था कि उसके धमाके से आसपास की कई दुकानें क्षतिग्रस्त हो गईं। घटनास्थल पर लगी सब्जी की दुकानें मलबे में तब्दील हो गईं। चारों ओर खून बिखर गया। लोग जमीन पर पड़े दर्द से कराहने लगे। लोग सड़क पर इधर-उधर भागने लगे।

घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल एसएनएमएमसीएच भेजा गया। इस घटना में पांच महिलाओं समेत सात लोग घायल बताए जाए रहे हैं। इस घटना के लिए जिम्मेवार बताए जा रहे पिंकू कुमार की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। पुलिस घटनास्थल पर छानबीन कर रही है।



