
Deoghar/Jasidih : सोमवार की सुबह जसीडीह-झाझा मुख्य रेल मार्ग पर गंजोरा गोखुलग्राम के पास पटरी पर एक नाबालिग छात्रा घायल अवस्था में मिली। जिसका दोनों पांव ट्रेन से कटा हुआ था। छात्रा को घायल हालत में इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां इलाज जारी है। वहीं, इस मामले में देवघर एसपी सुभाष चन्द्र जाट खुद छानबीन में जुटे हैं। मंगलवार को एसपी घटनास्थल पर पहुंच कर स्वजनो से जानकारी ली।

इधर, पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। गिरफ्तार युवक सुमन कुमार यादव छात्रा का रिश्तेदार बताया जाता है। पुलिस ने तकनीकी सहारे से जांच-पड़ताल करने पर पाया कि छात्रा सुमन से फोन पर बात करने के बाद घर से निकली थी। पुलिस आरोपित व छात्रा के बीच संबंधों की भी जांच कर रही है।

वहीं घटना को लेकर घायल छात्रा के बयान पर जसीडीह थाने में मामला दर्ज किया गया है। दर्ज मामले में छात्रा ने कहा है कि रविवार की रात करीब दस बजे घर के पास स्थित चापाकल में पानी भरने गई थी। उसी समय एक बाइक पर सवार दो युवक आए। उन लोगों ने उसे को जबरन बाइक पर बैठा लिया। फिर उसके मुंह पर कपड़ा बांध दिया और उसे उठाकर ले गए। उसके बाद उसे होश नहीं की क्या हुआ। उसे वे लोग लेकर कहां गए ये उसे पता नहीं। जब उसे होश आया तो उसने खुद को रेलवे ट्रैक पर पाया। उसका दोनों पांव कटा हुआ था। उसके बाद उसने अपनी जेब से मोबाइल निकाला और अपने पिता को फोन कर अपने हालत की जानकारी दी। उसके बाद पिता गांव के अन्य लोगों के साथ उसके पास पहुंचे, फिर उसे उठाकर अस्पताल ले जाया गया।
इधर, जांच करने बाद एसपी ने कहा कि ये घटना रविवार की रात को हुई थी। पुलिस को रात के करीब तीन बजे इसकी सूचना मिली। घटना की जानकारी मिलने के बाद छात्रा व उसके घर वालों का बयान लिया गया। पुलिस ने सभी तत्वों की गहन जांच की। जांच के क्रम में अब तक जो बात सामने आई है उससे पता चलता है कि ये पैर ट्रेन की चपेट में आने से कटे हैं। हालांकि मामले में किसी ठोस नतीजे पर पहुंचने के लिए डाक्टर के फाइनल रिपोर्ट का इंतजार है।


