गिरिडीह।
जैन धर्म की पावन पुण्य भूमि शिखर जी मधुबन में बुधवार को केंद्र सरकार के नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री जयंत सिन्हा का आगमन हुआ। यहां जैन समाज के लोगों ने इनका खूब गर्मजोशी से स्वागत किया।
बताया गया कि जैन धर्म के प्रतिष्ठित संत आचार्य विराग सागर जी महाराज के 27वें आचार्य पदारोहन दिवस एवं पीछी परिवर्तन समारोह में शामिल होने के लिए श्री सिन्हा यहां पधारे थे। मौके पर श्री सिन्हा ने कहा कि देश में उड़ान परियोजना के तहत कई महत्वाकांक्षी कार्य संचालित किए जा रहे हैं। इसके तहत 34 हवाई अड्डों को एविएशन नेटवर्क से जोड़ा गया है। वहीं और भी विस्तारीकरण की योजनाएं चल रही है।
उन्होंने झारखंड के संदर्भ में कहा कि यहां भी कई नए एयरपोर्ट तैयार हो रहे हैं। जिसके लिए ग्रास रूट लेवल पर तैयारियां जोर शोर से चल रही हैं।उन्होंने कहा कि सरकार हवाई सेवा को आम लोगों की पहुंच तक बनाने के लिए प्रयत्नशील है। जल्द ही इस दिशा में क्रांतिकारी परिवर्तन होगा।
एक प्रश्न के उत्तर में मंत्री ने कहा कि भारत सरकार कानूनी तौर पर और शांतिपूर्ण ढंग से सबके सहमति से राममंदिर बनाने का काम करेगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी औऱ पार्टी अध्यक्ष अमित शाह ने भी कहा है कि कानूनी प्रक्रिया का पालन करके ही राम मंदिर बनाना चाहते है।
केंद्रीय मंत्री जयंत सिन्हा ने कहा कि पांच राज्यों में चल रहे चुनाव के परिणाम भाजपा के पक्ष में आयेगा। उन्होंने दुहराया कि वर्ष 2019 में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पुनः केंद्र में सहयोगी दलों के साथ मिलकर पूर्ण बहुमत की सरकार बनायेगी।