Ranchi: पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने कहा कि भाजपा ने झारखंड राज्य बनाया है। विकास भी भाजपा करेगी। उन्होंने कहा कि अगर केंद्र में भाजपा की सरकार नहीं बनती तो आज भी अलग झारखंड राज्य बनाने के लिए हम सब डुगडुगी बजा रहे होते।
मरांडी मंगलवार को पश्चिम सिंहभूम जिले के चाईबासा में भाजपा की हेमंत हटाओ झारखंड बचाओ आक्रोश प्रदर्शन सभा में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि जब अटल बिहारी बाजपेयी के नेतृत्व में केंद्र में भाजपा की सरकार बनी तब भाजपा ने ही झारखंड के लोगों के सपनों को साकार किया और 2000 में एक अलग राज्य का निर्माण किया वरना ये झारखंड मुक्ति मोर्चा और कांग्रेस वाले हमेशा झारखंड के आंदोलन को खरीदने और बेचने का काम किया है।
उन्होंने कहा कि आज संसाधन होने के बावजूद भी तीन साल से झारखंड में कही विकास नजर नहीं आ रहा है। क्योंकि. सत्ता में बैठा राजनीतिक दल सिर्फ पैसा कमाने के लिए सरकार चला रहा है। जब से राज्य में हेमंत सोरेन की सरकार बनी है तब से इस राज्य को सिर्फ लूटने का काम किया जा रहा है। राज्य की कानून व्यवस्था चरमरा गई है ।