
Deoghar: आस्था का महापर्व छठ की शुरुआत हो चुकी है। हर आम और ख़ास लोग पुरे समर्पण के साथ इस महापर्व में अपनी भागीदारी निभा रहे हैं। ऐसे में देवघर की किन्नर समाज की मुखिया रोज सिंह का भी छठ महापर्व के प्रति उनका समर्पण देखते बनता है। देवघर के बंधा मोहल्ले की रहने वाली रोज सिंह हर साल की तरह इस साल भी एक नई तस्वीर पेश कर रही हैं।

छठ महापर्व के दौरान अपने यजमानों से मांग कर और विभिन्न फल मंडियों में जाकर छठ माई के नाम पर किन्नर रोज सिंह फल इकट्ठा करती हैं। इतना ही नहीं अपने पैसे से साड़ियां खरीद कर हर साल छठ पर्व पर वो विभिन्न मोहल्लों में जाकर छठ व्रतियों को नारियल, फल और साड़ी वितरण करती हैं।


रोज सिंह जिन्हें लोग देवघर में किन्नर समाज की मुखिया रोज मौसी के नाम से जानते हैं। छठ महापर्व के प्रति उनकी ये आस्था और व्रतियों की मदद करने को उनका ये समर्पण वाक़ई लोगों की जुबां पर उनके लिए तारीफें ले आता है।
इस साल छठ के दौरान बंधा मोहल्ले में अपने चेलों के साथ रोज मौसी ने सैकड़ों परिवारों के बीच साड़ी, फल और नारियल का वितरण करते हुए कहा कि लॉकडाउन के समय में भी जब लोग घरों में थे तब भी यह सेवा के लिए बाहर निकली और आस्था के इस महान पर्व में हर साल यह छठ व्रतियों को सहयोग देती हैं। साथ ही छठी मैया से दुआ करती हैं कि सभी सलामत रहें, सबका घर रौशन रहे और कोरोना जैसी महामारी फिर से लौट कर ना आए।


