
Deoghar: देवघर नगर थाना पुलिस ने सागर राउत गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार कर बुधवार को पुछताछ के बाद जेल भेज दिया। जेल गये अभियुक्त का नाम कारू झा है जो जलसार रोड महावीर अखाडा़ के पास का रहने वाला है। वह नगर थाना कांड संख्या 468/22 में आर्म्स एक्ट का आरोपी था।

बताया जाता है कि नगर थाना प्रभारी पुनि रतन कुमार सिंह को गुप्त सूचना मिली थी कि सागर राउत गिरोह का सदस्य कारू झा जलसार रोड इलाके में घूम रहा है। उक्त सूचना पर थाना प्रभारी सदलबल वहां पहुंचे और उसे दबोच लिया। बताते चलें कि सागर राउत और बिट्टू राउत को पुलिस दो दिन पूर्व ही जेल भेज चुकी है। बताया जाता है जेल गया आरोपी शिबु श्रृंगारी हत्याकांड का भी आरोपी था। इस मामले में यह जेल भी गया था। वार्ड पार्षद गुलाब मिश्रा के साथ हुई मारपीट मामले में भी यह शामिल था।


