Godda: भागलपुर के रास्ते टाटानगर-गोड्डा के बीच नयी साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन की शुरुआत आज से हो गयी है। गोड्डा लोकसभा के सांसद निशिकांत दुबे ने हरी झंडी दिखा गोड्डा रेलवे स्टेशन से ट्रेन को रवाना किया। इस मौके पर लोगों का उत्साह देखते बन रहा था।
गोड्डा-टाटानगर ट्रेन शुभारंभ समारोह के दौरान स्टेशन परिसर में लोगों की काफी भीड़ जमा थी। गोड्डा वासी बार-बार सांसद निशिकांत दुबे के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें धन्यवाद भी कर रहे थे। लोगों का कहना था कि डॉ. निशिकांत के प्रयास के बिना गोड्डा में रेलगाड़ियों का परिचालन मुमकिन नहीं था। अब उनकी कोशिशों का ही नतीजा है कि गोड्डा से दूर-दराज जाना भी आसान हो रहा है।
वहीं, एमपी निशिकांत दुबे ने गोड्डा से ट्रेन परिचालन की शुरुआत और काफी कम समय में एक, दो नहीं बल्कि आठ ट्रेन के परिचालन को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा है कि ” आज गोड्डा टाटा ट्रेन को हरी झंडी दिखाई, रेल के पटरी तक ना होने से लेकर 8 से अधिक ट्रेन गोड्डा से शुरू होने की कहानी के पीछे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अतुल्य विकास है। इस ट्रेन के उपहार के लिए रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव का आभारी हूँ।”
गोड्डा-टाटानगर ट्रेन को हरी झंडी दिखाने के दौरान विधायक अमित मंडल और डीआरएम मौजूद थे।
टाटानगर से 24 और गोड्डा से 25 अक्टूबर को नियमित नंबर से चलेगी
गोड्डा-टाटानगर ट्रेन के बारे में जानकारी हो कि टाटानगर से 24 अक्टूबर यानी सोमवार से इस ट्रेन की नियमित सेवा शुरू होगी। वहीं गोड्डा से यह ट्रेन मंगलवार यानी 25 अक्टूबर से नियमित चलेगी। यह साप्ताहिक ट्रेन गोड्डा से हर मंगलवार दोपहर 12.40 बजे और हर सोमवार दिन में 1.40 बजे टाटा से प्रस्थान करेगी। ट्रेन पोरैयाहाट, हंसडीहा, मंदारहिल, बाराहाट, भागलपुर, सुल्तानगंज, बरियारपुर, जमालपुर, किऊल, झाझा, जसीडीह, मधुपुर, चितरंजन, धनबाद पहुंचेगी। वहां से रात 1.20 बजे प्रस्थान करेगी। यहां से बोकारो, मुरी होते हुए सुबह 6.45 बजे टाटा पहुंचेगी। ट्रेन टाटानगर से दोपहर 1.40 बजे रवाना होगी और गोड्डा सुबह 7.20 बजे पहुंचेगी। इस ट्रेन में 22 बोगी लगी रहेगी।
टाटानगर से यह ट्रेन दिन में 2 बजे रवाना होगी शाम 4.15 बजे मुरी पहुंचेगी और 4.20 बजे रवाना होगी। बोकारो स्टील सिटी 5.25 बजे पहुंचेगी और 5.30 बजे रवाना होगी। धनबाद शाम 7.05 बजे पहुंचेगी और 7.10 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन जसीडीह रात 9.52 बजे पहुंचेगी और 9.57 बजे रवाना होगी। किऊल रात 11.55 बजे पहुंचेगी और 12.25 बजे भागलपुर की ओर रवाना होगी। अभयपुर में 12.50 बजे आगमन और 12.52 में प्रस्थान, जमालपुर 1.24 बजे आगमन और 1.29 बजे प्रस्थान, बरियारपुर 1.40 बजे आगमन और 1.42 बजे प्रस्थान, सुल्तानगंज 1.58 बजे आगमन और 2 बजे प्रस्थान, भागलपुर सुबह 3.15 बजे आगमन और 3.35 बजे प्रस्थान करेगी। बाराहाट यह ट्रेन सुबह 4.26 बजे पहुंचेगी और 4.28 बजे रवाना होगी। 4.50 बजे मंदारहिल पहुंचेगी और 2 मिनट रुकने के बाद प्रस्थान करेगी। गोड्डा सुबह 7.20 बजे पहुंचेगी।
गोड्डा से यह ट्रेन हर मंगलवार को दिन में 12.40 बजे रवाना होगी। हसडीहा 1.37 बजे आगमन और 1.57 बजे प्रस्थान, मंदारहिल 2.30 बजे आगमन और 2.32 बजे प्रस्थान, बाराहाट 2.54 आगमन और 2.56 बजे प्रस्थान, भागलपुर शाम 4.35 बजे पहुंचेगी और 5.05 बजे रवाना होगी। सुल्तानगंज से यह ट्रेन 5.27 बजे और बरियारपुर 5.49 बजे रवाना होगी। जमालपुर शाम 6.09 बजे पहुंचेगी और 5 मिनट रुकेगी। किऊल 7.30 बजे पहुंचेगी और 7.50 बजे रवाना होगी। जसीडीह में यह ट्रेन रात 9.52 बजे मिलेगी। धनबाद रात 1.15 बजे और बोकारो स्टील सिटी सुबह 3.05 बजे पहुंचेगी। मुरी सुबह 4.15 बजे और टाटानगर सुबह 6.45 बजे पहुंचेगी।