
New Delhi : केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSC) द्वारा कक्षा 12वीं के लिए आयोजित सप्लीमेंट्री या कंपार्टमेंट परीक्षा में शामिल हुए जो छात्र परिणाम जारी होने का इंतजार कर रहे हैं, उनके लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। सीबीएसई ने बुधवार को कक्षा 12वीं के सप्लीमेंट्री परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है।

ऐसे में जिन छात्रों ने अपने अंक में सुधार करने या उत्तीर्ण मार्क्स हासिल करने के लिए परीक्षा में भाग लिया था, वे अब बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट, उमंग ऐप या डिजिलॉकर रिजल्ट पोर्टल पर जाकर परिणाम चेक करने के साथ मार्कशीट डाउनलोड कर सकते हैं।

सीबीएसई की 12वीं सप्लीमेंट्री परीक्षा में शामिल होने के लिए कुल 2,91,576 उम्मीदवारों ने सफलतापूर्वक रजिस्ट्रेशन किया था, जिनमें से कुल 2,75,287 उम्मीदवारों ने परीक्षा में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
परीक्षा में इम्प्रूवमेंट के लिए शामिल हुए उम्मीदवार की संख्या 1,11,056 और कम्पार्टमेंट कैटेगरी में शामिल हुए उम्मीदवार की संख्या 1,64,231 थी। वहीं, 53.08 प्रतिशत कैंडिडेट्स कम्पार्टमेंट कैटेगरी में परीक्षा में उत्तीर्ण हुए हैं। वर्ष 2025 में कम्पार्टमेंट कैटेगरी में पास हुए छात्रों की संख्या 38.36 प्रतिशत थी।
सीबीएसई 12वीं सप्लीमेंट्री परीक्षा परिणाम मार्कशीट डाउनलोड करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद सीबीएसई 12वीं सप्लीमेंट्री परीक्षा परिणाम लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद एक नया पेज खुलेगा, वहां अपना रोल नंबर, एडमिट कार्ड नंबर, स्कूल नंबर और जन्मतिथि या माता का नाम दर्ज करें। फिर परिणाम आपकी स्क्रीन पर खुल जाएगा। रिजल्ट को चेक करने के बाद स्कोरकार्ड डाउनलोड कर लें। भविष्य के लिए स्कोरकार्ड का प्रिंट आउट निकालकर रख लें।
बता दें कि सीबीएसई ने पिछले वर्ष कक्षा 12वीं के सप्लीमेंट्री परीक्षा का परिणाम 1 अगस्त 2025 को घोषित किया था, जबकि परीक्षाएं 15 जुलाई 2025 को आयोजित की गई थी। वहीं, इस वर्ष सीबीएसई ने कक्षा 12 की कंपार्टमेंट परीक्षा 28 जुलाई 2026 को आयोजित की।
वहीं, जिन छात्रों ने सीबीएसई कक्षा 12वीं की सप्लीमेंट्री परीक्षा पास कर ली है, वे अब देश भर के विभिन्न विश्वविद्यालयों और उच्च शिक्षा कॉलेजों में 2026-27 शैक्षणिक सत्र के लिए अंडरग्रेजुएट (यूजी) एडमिशन की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। (IANS)



