
Deoghar: कास्टर टाउन स्थित डीएवी स्कूल के समीप स्कूल के कक्षा 6 में पढ़ने वाले छात्र को जैप 5 के बस से धक्का लग गया। इस घटना में छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए पहले सदर अस्पताल पहुँचाया गया। जहां पर ऑन ड्यूटी चिकित्सक एवं डीएस डॉ प्रभात रंजन, डॉक्टर संजय एवं अमरेश ठाकुर के द्वारा त्वरित टीम बनाकर इलाज किया गया। इलाज के बाद परिजनों के अनुरोध पर बच्चे को निजी क्लिनिक में रेफर कर दिया गया ।

घटना के संबंध में डीएवी के प्राचार्य कृष्ण कुमार सिंह ने बताया कि दीपावली को लेकर स्कूल में कार्यक्रम चल रहा था। कार्यक्रम समाप्त होते ही छुट्टी की घंटी लगी। टीचर एवं पेरेंट्स मुख्य द्वार पर खड़े थे। कृष्णापुरी निवासी अंश कुमार अपने भाई के साथ पैदल घर जा रहा था। स्कूल से 25 कदम दूरी पर जैप 5 की बस पीछे से जा रही थी। बस चालक द्वारा एक बाइक सवार को बचाने के चक्कर में बस अनियंत्रित हो गयी। उसके उपरांत अंश को धक्का मार दिया। जिसके बाद लोगों ने हो-हल्ला किया तो चालक बस को छोड़कर घटनास्थल से फरार हो गया। आनन-फानन में प्राचार्य ने अपने वाहन से बच्चे को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया।

घटना की जानकारी नगर थाना पुलिस को दे दी गई। पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर बस को अपने कब्जे में लेकर थाना ले गई।


