
Dumka: दुमका में एक बार फिर पेट्रोल कांड हुआ है। इस बार पति-पत्नी के झगड़े में पत्नी पेट्रोल से बुरी तरह जल गई है। महिला की हालत गंभीर है। उसे रांची रिम्स रेफर कर दिया गया है। मामला जिले के गोपीकंदर थाना के खड़कासोल गांव का है , जहां रूपा मरांडी नाम की एक महिला पेट्रोल से जल गई है । घटना बीती देर रात की बताई जा रही है । रूपा को इलाज के लिए फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल में लाया गया , जहां डॉक्टर ने तत्काल रिम्स रेफर कर दिया ।

महिला के बयान के अनुसार वह अपने पति परमेश्वर सोरेन के साथ सिलंगी गांव में रहती है । कल उसका पति सरकार आपके द्वार कार्यक्रम में गया था । इधर वह अपने पति के दादी के गांव दो किलोमीटर दूर स्थित खड़कासोल चली गई । रात में जब परमेश्वर आकर देखा कि रूपा घर पर नहीं है तो वह बाईक से अपनी दादी के घर पहुंच गया । वहां रूपा को देख काफी नाराज हो गया कि तुम बिना बताये क्यों आई । वह उसे तत्काल अपने घर चलने को कहा लेकिन रूपा का कहना था कि अभी नहीं जाएंगे । पति के मोटरसाइकिल के डिक्की में पेट्रोल भरा बोतल था । पति ने उसे हाथ में लेकर कर कहा कि अगर नहीं जाओगी तो तुम्हें इससे जला दूंगा । इस धमकी से रूपा डर गई और पेट्रोल को उसके हाथ से छीन कर फेंकने का प्रयास किया तो पेट्रोल बगल में जल रहे एक अंगीठी पर जा गिरा और रूपा के साड़ी में आग लग गई । इसी में वह गंभीर रूप से झुलस गई ।

आनन-फानन में रूपा को फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने रिम्स रांची रेफर कर दिया। इधर, घटना की सूचना मिलते ही कार्यपालक दंडाधिकारी चंद्रजीत सिंह , डीएसपी विजय कुमार पीजेएमसीएच पहुंचे । जहां कार्यपालक दंडाधिकारी के द्वारा रूपा का बयान लिया गया ।


