
Deoghar: देवघर नगर थाना क्षेत्र के शिक्षा सभा चौक पर दो हथियार बंद अपराधियों ने दो युवक को गोली मार दी। इस घटना में मनीष झा की मौत हो गई। जबकि सोभित आनंद गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी मिलते ही देवघर एसपी सुभाष चन्द्र जाट और एसडीपीओ पवन कुमार घटनास्थल पहुंचे और मामले की जांच की।

एसपी ने कहा कि मनीष को टारगेट कर अपराधियों ने गोली मारी है। उसी दौरान सोभित को भी गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया। कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है जल्द ही इसका उद्भेदन कर लिया जाएगा।

बताया जाता है कि मनीष झा मूल रूप से बांका जिला के अमरपुर का रहने वाला था। वह अपने पिता के साथ शिक्षा सभा स्थित एक निवास में रहकर पढाई करता था। वही घायल सोभित आनंद नरौने सिंह दरवाजा का रहने वाला है। वह आईटी इंजीनियर है दुर्गा पूजा में घर आया था। वह अपने पिता के साथ कुछ सामान खरीदने शिक्षा सभा चौक के पास आया था। उसी क्रम में उसे गोली मारकर घायल कर दिया गया।
मृतक के पिता अरविंद झा बांका के अमरपुर के रहने वाले हैं और वर्षों से शिक्षा सभा चौक के नजदीक यात्री निवास में रहकर मंदिर में पूजा-पाठ कराते हैं। उन्होंने बताया कि बुधवार शाम को वह घर से चौक पर मोमो खाने के लिए गया और कुछ देर बाद आसपास के लोगों ने बताया कि मनीष को गोली मारी गई है। अरविंद झा ने बताया कि बेटा पढ़ाई कर रहा था।
वहीं घायल शोभित आनंद अपने पिता के साथ शिक्षा सभा चौक पर एक दुकान में सामान खरीद रहा था। तभी उसे गोली मारी गई। शोभित ने बताया कि वह अपने पिता के साथ खरीदारी कर रहा था, तभी अचानक कुछ युवक आए और गाली-गलौज करते हुए गोली चला दी। गोली उसके कमर और जांघ में लगी है। परिजनों के द्वारा उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां इलाज जारी है।



