
Dumka: दुमका जिला में एक बार फिर बुधवार को 15 साल की नाबालिग आदिवासी लड़की का शव काठीकुंड के बड़तल्ला गांव से बाहर पेड़ से लटका हुआ बरामद किया गया। जिसके बाद एक बार फिर बीजेपी झारखंड सरकार को आड़े हाथों ले रही है। महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े किये जा रहे हैं।

हेमंत सरकार पर आक्रामक रहे गोड्डा लोकसभा से बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने दुमका में लगातार हो रहे घटना पर एक बार फिर सूबे के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को आड़े हाथों लिया है। निशिकांत दुबे ने ट्वीट कर लिखा है “मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जी ने पूरे संथालपरगना ख़ासकर दुमका को Grooming gang के हवाले कर दिया है । आज फिर से 14 साल की आदिवासी बच्ची को मार डाला गया । यह इलाक़ा बंगलादेश के हवाले”

इधर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने भी दुमका में घटी आज की घटना पर सूबे की सरकार को आड़े हाथों लिया है। उन्होंने कहा है ” दुमका में फिर एक आदिवासी बच्ची का शव पेड़ से लटका मिला है. झारखंड की JMM-Congress-RJD के ठगबंधन वाली सरकार में राज्य की मां बेटियां पूरी तरह से असुरक्षित हो चुकी हैं लेकिन राज्य सरकार सिर्फ जनता की आंखों में धूल झोंककर जनता के पैसों से अखबारों में अपना चेहरा चमकाने में मस्त है.”
यहां बता दें कि पांच दिनों से लापता काठीकुंड थाना क्षेत्र के आमगाछी गांव की रहने वाली आदिवासी नाबालिग का सड़ा-गला शव पेड़ से लटका बरामद किया गया है। मृतका दुर्गा पूजा की छुट्टी के दौरान अपने चाचा के घर बड़तल्ला आई थी। जहां से वह शुक्रवार को वापस अपने घर के लिए निकली थी। तब से वह लापता थी।
वहीं, थाना प्रभारी ने जानकारी दी कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद लड़की की हत्या हुई है या आत्महत्या यह पता चल पाएगा।
जानकारी हो कि एक माह पहले 2 सितंबर को दुमका मुफस्सिल थाना क्षेत्र के श्रीअमड़ा में भी एक 14 वर्षीय किशोरी की हत्या कर शव को पेड़ पर लटका दिया गया था। इससे पहले अंकिता सिंह की पेट्रोल छिड़क उसे जलाकर हत्या कर दी गयी थी। पिछले हफ्ता गुरुवार की रात भी एक युवती को पेट्रोल डालकर जिंदा जलाकर हत्या कर दी गयी थी।


