Ranchi: लोहरदगा के सेरेंगदाग थाना क्षेत्र में आदिवासी महिला के साथ हुई दुष्कर्म (Tribal woman raped in Serengdag police station area of Lohardaga) मामले में DGP नीरज सिन्हा ने DIG से रिपोर्ट मांगी है। डीआईजी अनीश गुप्ता ने खुद मुख्यालय पहुंचकर डीजीपी को पूरे मामले की जानकारी दी है। डीआईजी ने आरोपितों पर क्या कार्रवाई की जा रही है। इसकी भी जानकारी डीजीपी को दी है।
दूसरी ओर पुलिस ने महिला को लोहरदगा सदर अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया था, लेकिन सदर अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में उसे रांची रिम्स रेफर कर दिया गया है। रिम्स के डॉक्टरों ने जब महिला को देखा तो बताया कि महिला के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम देने वाले ने क्रूरता की सारी हद पार कर दी है।
फिलहाल पीड़ित महिला का इलाज रिम्स में डॉ. शीतल मलुआ की निगरानी में चल रहा है। डॉक्टर ने बताया कि पीड़ित महिला की स्थिति चिंताजनक है। जब तक महिला की स्थिति स्थिर नहीं होती है, तब तक कुछ भी कहना ठीक नहीं है। उन्होंने कहा है कि पीड़ित महिला की स्थिति में कुछ सुधार होने के बाद एक ऑपरेशन करना पड़ेगा।
उल्लेखनीय है कि चार अक्टूबर को आदिवासी विधवा महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया था। मामले में आईआरबी के दो जवानों को गिरफ्तार किया गया है। दोनों को जल्द ही बर्खास्त किया जाएगा।