
Deoghar: क्रेडिट कार्ड बंद करने के नाम पर साइबर ठगी कर लिए जाने का मामला सामने आया है। बताते चले कि मधुपुर पथरचपटी गांव निवासी चलेश्वर प्रसाद यादव को झांसे में लेकर 50,260 रुपये ठगी कर लिया गया है। पीड़ित ने मामले को लेकर साइबर थाना में आवेदन देकर शिकायत दी है। घटना गुरुवार का बताया जाता है।

पीड़ित ने अपनी शिकायत के माध्यम से कहा है कि उसे गुरुवार को एक अंजान नंबर से फोन आया। फोन करने वाला व्यक्ति खुद को बैंक का कर्मी बताते हुए एसबीआइ क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल करने से संबंधित जानकारी दी। कहा कि कार्ड को बंद या चालू नहीं किया तो बैंक अकाउंट से 38 हजार रुपये कट जाएगा। इस पर पीड़ित ने कार्ड को बंद करने को कहा।

फोन करने वाले व्यक्ति ने उसे एक लिंक भेजा। उस लिंक में नाम, पता, क्रेडिट कार्ड का नंबर, मोबाइल नंबर सहित अन्य चीजों की जानकारी भरकर समिट करने को कहा। पीड़ित झांसे में आकर सारी जानकारी लिंक में अपलोड कर समिट कर दिया।
इसके बाद उसके खाते से तीन बार अवैध निकासी की गई। पहली बार 45, 990, दूसरी बार 4138 और तिसरी बार 132 रुपये की अवैध निकासी की गई। पीड़ित को जब इस बात की जानकारी हुई तब वह साइबर थाना, देवघर पहुंचकर शिकायत दी। साइबर पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।


