बोकारो।
बोकारो जिले के नावाडीह प्रखंड के बीडीओ सह प्रभारी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी प्रभाषचंद दास एवं सहयोगी राशन डीलर सचिन कुमार महतो को धनबाद की एंटी करप्शन ब्यूरो टीम ने 20 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।
इन पर महिला राशन डीलर से निलंबन रद्द करने के एवज में 50 हजार रूपये रिश्वत मांगने का आरोप है।
दरअसल, झारखंड महिला विकास समिति जन वितरण प्रणाली की संचालिका खेमिया देवी से पचास हजार रूपए रिश्वत की मांग की गयी थी। संचालिका को अनाज वितरण नहीं करने के आरोप में निलंबित किया गया था। निलंबन रद्द कर चालू करने के नाम पर संचालिका से राशन डीलर सचिन कुमार महतो के द्वारा रिश्वत की मांग की गयी थी। रिश्वत मांगे जाने के बाद इसकी शिकायत भ्रष्टाचार निरोध ब्यूरो में की गयी। एसीबी द्वारा शिकायत की जांच की गयी। जांच में ये मामला सही पाया गया। इसके बाद एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने रंगेहाथ गिरफ्तारी के लिए जाल बिछाया। इसी क्रम में बीडीओ सह प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी को सहयोगी राशन डीलर के साथ अरेस्ट किया गया।
एन्टी करपशन ब्यूरो के डीएसपी अशोक कुमार के नेतृत्व में 20 हजार रूपये रिश्वत लेते प्रखंड मुख्यालय स्थित आवास से बोकारो जिले के नावाडीह प्रखंड के बीडीओ सह प्रभारी आपूर्ति पदाधिकारी प्रभाषचंद दास एवं सहयोगी राशन डीलर सचिन कुमार महतो को गिरफ्तार किया गया।