Deoghar: जिले के कुंडा थाना क्षेत्र के चांदडीह स्थित वृद्धा आश्रम में रह रही एक अज्ञात नाबालिग की मौत इलाज के दौरान सदर अस्पताल में हो गई। मौत की जानकारी वृद्धा आश्रम के कर्मियों ने जिला प्रशासन को दिया। उसके बाद दंडाधिकारी की देख रेख में सदर अस्पताल के डॉक्टर के तीन सदस्यीय टीम ने शव का पोस्टमार्टम किया।
देखने-बोलने में असमर्थ थी बच्ची
टीम में डीएस डॉ प्रभात रंजन, डॉ डी पासवान, डॉ प्रेम प्रकाश शामिल थे। पोस्टमार्टम के बाद शव को 72 घंटे के लिए सुरक्षित रखा गया है। पुलिस को दिए आवेदन में वृद्धा आश्रम के कर्मी बासुकी यादव ने कहा है कि 11 जुलाई 2022 को 16 वर्षीय अज्ञात दिव्यांग को बाल सामाज कल्याण विभाग द्वारा वृद्धा आश्रम को सुपुर्द किया गया था। आंख से भी उसे दिखाई नहीं देने के साथ-साथ वह बोलने में भी असमर्थ थी।
बासुकी यादव ने कहा है कि 31 अगस्त को अचानक उसकी तबियत बिगड़ गई थी। उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया था। इलाज होने के बाद उसे वृद्धा आश्रम ले जाया गया। दोबारा वह बीमार पड़ी तो उसे 9 सितंबर को सदर अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान 15 सितंबर को उसकी मौत हो गई।