
Boreo (Sahibganj): राजकीयकृत बालक मध्य विद्यालय के आठवीं कक्षा के छात्र-छात्राओं ने शुक्रवार को विद्यालय में तालाबंदी कर जमकर प्रदर्शन किया। मामला इन छात्र-छात्राओं के रिज़ल्ट से जुड़ा है। दरअसल, आठवीं कक्षा के छात्र-छात्राओं का वार्षिक परीक्षा का परिणाम अधूरा आया है। इससे छात्र-छात्राओं में नाराजगी है।

छात्रों का कहना कि परिणाम में सुधार कराने की मांग को लेकर प्रभारी प्रधानाध्यापक, बीइओ और बीडीओ तक को आवेदन दिया। बावजूद अबतक रिज़ल्ट में सुधार नहीं हो पाया है। जिसकी वजह उन्होंने विद्यालय के प्रधानाध्यापक की लापरवाही बताया। छात्रों का कहना है कि परिणाम नहीं आने से पठन-पाठन प्रभावित है। आगे की पढ़ाई के लिए उच्च विद्यालय में नामांकन नहीं हो रहा है। प्रधानाध्यापक ने छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है।

रिज़ल्ट जल्द सुधार कर जारी करने की मांग को लेकर छात्रों ने विद्यालय में ताला जड़ दिया और प्रधानाध्यापक के विरोध में जमकर नारेबाजी की। छात्रों ने बताया कि विद्यालय द्वारा दिये जानेवाले आंतरिक अंक नहीं दिया गया है। इससे 88 बच्चों का परिणाम अधूरा आया है।
वहीं, स्कूल में तालाबंदी और प्रदर्शन की सूचना पर बीडीओ टुडू दिलीप, थाना प्रभारी जगरनाथ पान मौके पर पहुंचे और आक्रोशित छात्र-छात्राओं को परिणाम में सुधार करने का आश्वासन देकर स्कूल का ताला खुलवाया। इधर, जिला शिक्षा अधीक्षक राजेश पासवान ने भी विद्यालय पहुंच कर बच्चों से बातचीत की। उन्होंने आश्वासन दिया कि हर हाल में 15 सितंबर तक अधूरे परिणाम को सुधार कर लिया जायेगा।
साथ ही जिला शिक्षा अधीक्षक ने विद्यालय का निरीक्षण भी किया। इस दौरान विद्यालय में गंदगी देख उन्होंने प्रधानाध्यापक को जमकर फटकार लगायी।


