
Deoghar: देवघर एयरपोर्ट (Deoghar Airport) की सुरक्षा व्यवस्था सीआइएसएफ के हवाले करने का अनुरोध देवघर एसपी सुभाष चंद्र जाट (Deoghar SP) ने पुलिस मुख्यालय से किया है।

इस संबंध में देवघर पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से मुख्यालय को पत्र भेजा गया है, भेजे गये पत्र में इस बात का जिक्र है कि देवघर एयरपोर्ट कई मायने में काफी महत्वपूर्ण है। सुरक्षा की दृष्टि से देवघर एयरपोर्ट काफी संवेदनशील है। यहां की पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था के लिए विशेष रूप से प्रशिक्षित बल सीआइएसएफ की प्रतिनियुक्ति होनी चाहिए।

देवघर में बाबा बैद्यनाथ मंदिर व गिरिडीह में जैन धर्मावलंबियों का बड़ा तीर्थस्थल है। इसके अलावा सत्संग आश्रम, रिखिया आश्रम के अनुयायी भारी संख्या में विदेशों से भी आते हैं। देवघर एयरपोर्ट पर कई राज्यों से लोग आ रहे हैं। इस कारण देवघर एयरपोर्ट की विशेष सुरक्षा जरूरी है।
देवघर एसपी सुभाष चंद्र जाट ने जानकारी दी कि एयरपोर्ट की पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आज से डेढ़ माह पूर्व ही पुलिस मुख्यालय से पत्राचार किया गया था। अभी उस पर स्वीकृति नहीं मिल सकी है।



