Deoghar: बुढ़ैई बाजार साप्ताहिक हाट से चोरी गई बाइक को पुलिस ने बेंगाबाद से बरामद कर लिया। आरोपी को रंगे हाथ बाइक के साथ पकड़ कर सोमवार को जेल भेज दिया। घटना के संबंध में बताया जाता है कि बाईक संख्या-जेएच-11-एक्स-7758 उत्तम कुमार पाठक की है। दोपहर को घर के सामने बाईक लगाकर खाना खाने वह अंदर गया बाद में घर से निकला तो देखा बाईक नहीं हैं। अगल-बगल पूछने पर बताया कि भूरे बाल वाला लड़का बाइक लेकर भिरखीबाद की ओर गया है।

इसकी सूचना थाना प्रभारी हीरालाल तुबिद को दी गई। बताया कि बाईक लेकर भागने वाले युवक का घर बेंगाबाद थाना क्षेत्र में है। थाना प्रभारी दलबल के साथ बेंगाबाद थाना क्षेत्र के फिटकोरिया मोड़ के लिए निकले। इसकी सूचना बेंगाबाद थाना को दी। दोनों थाना प्रभारी द्वारा छापेमारी कर फिटकोरिया गांव निवासी राजा अंसारी, पिता- इस्लाम अंसारी को बाईक समेत पकड़ लिया।

पूछताछ करने पर युवक ने अपना गुनाह कबूल कर लिया। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करते हुए उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।



