
Ranchi: दुमका में पेट्रोल छिड़क कर जला दी गई अंकिता की मौत की खबर से दुमका में लोगों के बीच गुस्सा भड़क गया। पांच दिनों तक जीवन और मौत के बीच संघर्ष करते हुए अंकिता ने शनिवार को देर रात करीब 2 बजे रिम्स में दम तोड़ दिया। सुबह होते ही यह खबर आग की तरह राज्य में फैल गई। रविवार को दुमका उबल पड़ा। इस बीच कड़ी सुरक्षा इंतजामों के बीच सोमवार सुबह अंकिता का अंतिम संस्कार किया गया। शव यात्रा में हजारों लोग उमड़े और गम और गुस्से के बीच उसे अंतिम विदाई दी गई। शव यात्रा में दुमका के सांसद सुनील सोरेन भी शामिल हुए।
सांसद निशिकांत ने हेमंत सोरेन पर साधा निशाना

अंकिता हत्याकांड को लेकर राजनीति भी तेज हो गई है। भाजपा ने हेमंत सोरेन सरकार को घेरा है। गोड्डा से भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने ट्वीट किया, ”हम दुमका की बेटी को नहीं बचा पाए। मुख्यमंत्री जी और कुनबा पार्टी करते रहे। अब धारा 144 और आमलोगों को जेल भेजने व प्रताड़ित करने का खेल चल रहा है। जो राज्य की सरकार महिला के इज्जत और सम्मान पर गंभीर ना हो पाई उस सरकार को जनता अब कभी गंभीरता से नहीं लेगी।”
एक पुलिस अधिकारी की भूमिका पर सवाल

गोड्डा एमपी निशिकांत दुबेे न पुलिस ऑफिसर नूर मुस्तफा की भूमिका पर सवाल खड़ा करतेे हुए पक्षपात कााा आरोप लगाया, सांसद ने कहा है कि, “अभियुक्तों की गिरफ्तारी और नूर मुस्तफा के बर्खास्तगी तक हम चैन से नहीं बैठेंगे।”
क्या है पूरा मामला?
एकतरफा प्रेम में अंकिता को 23 अगस्त को पेट्रोल से जला दिए जाने की घटना के दिन से ही लोग आक्रोशित थे। अब मौत की खबर सुनते ही लोगों का जमावड़ा अंकिता के जरुवाडीह स्थित आवास पर लग गया। मुहल्ले के लोगों के साथ ही जिला भाजपा महिला मोर्चा,बजरंग दल,विश्व हिन्दू परिषद और भाजयुमो के कार्यकर्ताओं का जुटान हो गया। दुमका बंद करने की घोषणा हुई। करीब 11 बजे से आक्रोशित लोग पुलिस प्रशासन के विरोध में और अंकिता के हत्या के आरोपी शाहरुख को फांसी दिलाने की मांग को लेकर शहर में प्रदर्शन शुरू कर दिया। अंकिता के मुहल्ले जरुवाडीह से लेकर दुधानी टावर चौक तक दिन पर लोग पुलिस के खिलाफ धरना-प्रदर्शन और नारेबाजी करते रहे। आरोपी शाहरुख के खिलाफ लोगों में भारी गुस्सा है। प्रदर्शनकारियों को आम लोगों का भारी समर्थन था। दुमका बंद के दौरान दुकानें स्वत बंद हो रही थी। इक्का-दुक्का जो दुकानें खुली थी,उसे भी प्रदर्शनकारियों ने बंद करा दिया।शाहरुख को फांसी देने और दुमका में विधि व्यवस्था को ठीक करने की मांग को लेकर शहर में निकाले गए जुलूस और प्रदर्शन का नेतृत्व मुख्य रुप से भाजपा महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष नीतू झा,विश्व हिन्दू परिषद के जिला अध्यक्ष मिथिलेश कुमार और भाजपा युवा मोर्चा के महामंत्री अमन कुमार कर रहे थे। प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई चला कर अंकिता के हत्यारोपी शाहरुख को फांसी की सजा दिलाई जाए।


