
Deoghar: अपना घर चलाने के लिए देवघर से दुबई गए मुकेश के परिवार वालों के लिए बुरी खबर है। 21 जुलाई 2022 से अपने पति से सम्पर्क न होने पर देवघर नगर थाना क्षेत्र के हनुमान टिकरी मोहल्ला में रह रही मुकेश की पत्नी पूजा मेहता की गुहार पर गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे ने मुकेश के बारे में पता करने की पहल की। जिसके बाद एम्बेसी से उन्हें मुकेश के बारे में जानकारी तो मिली लेकिन ये पता चला कि अब वो जिंदा ही नहीं है।

एम्बेसी ने सांसद निशिकांत दुबे को जानकारी दी है कि अबू धाबी में उनके दूतावास को इस मामले के संबंध में निर्देश दिया गया था। दूतावास ने सूचित किया है कि उन्हें पता चला है कि मुकेश कुमार की मृत्यु अल ऐन में 27 जुलाई 2022 में हुई थी। उनकी मौत की स्थानीय अधिकारियों द्वारा जांच की जा रही है। 24 अगस्त 2022 को मिशन को सीआईडी, अल ऐन से मंजूरी पत्र और साथ ही मृत्यु अधिसूचना प्राप्त हुई है। जानकारी दी गयी है कि मुकेश कुमार के पासपोर्ट का पता नहीं चल पा रहा है जो शव अवशेषों के परिवहन के लिए आवश्यक है। इसलिए वैकल्पिक दस्तावेज की व्यवस्था प्रक्रियाधीन है। बताया गया है कि दूतावास प्रयास कर रहा है और औपचारिकताएं पूरी होने के बाद मुकेश कुमार के पार्थिव शरीर को भारत ले जाया जाएगा।
कैसे गया मुकेश दुबई

बता दें कि मुकेश कुमार की पत्नी पूजा मेहता के अनुसार उसके पति मुकेश कुमार 22 अक्तूबर 2021 को टूरिस्ट वीजा के जरिए दुबई गये थे। लाजपत नगर नई दिल्ली की रहने वाली कोई रश्मि ने उनके दुबई जाने की सारी प्रक्रिया पूरी की थी। अल बसमाह बिल्डिंग मेंनटेनेंस एलएलसी ने टूरिस्ट वीजा 6.12.2021 को जारी किया था। वहां पहुंचने के बाद कंपनी के एजेंट शहजाद व रूही ने रिसिव किया था। वहां जहां वे रहते थे, रूम पार्टनर के रूप में हरसिल व अशोक साथ थे। वहां जाने के बाद दुबई से मुकेश दिन में 5-6 बार बात करते थे। बातचीत में उन्होंने कहा कि दिल्ली की रश्मि ने जिस कंपनी से वीजा उपलब्ध करवाया है, उस कंपनी ने उन्हें जॉब पर नहीं रखा। रश्मि उन्हें दुबई में अपने हिसाब से काम करवाना चाहती थी। क्या काम करवाना चाहती है ये उन्होंने नहीं बताया। मुकेश काम की तलाश कर रहे थे। पूजा ने मुताबिक आखिरी बार 21 जुलाई 2022 को उन्होंने फोन करके बताया कि वे किसी प्रोजेक्ट के सिलसिले में सुदूर क्षेत्र में जा रहे हैं। 2-3 दिनों तक बात नहीं हो पायेगी। वहां नेटवर्क नहीं रहता है। तब से लेकर आज तक न उनका कॉल आया और न ही कोई मैसेज। जिसके बाद पूजा ने जब काम पर ले जाने वाली कंपनी से कांटेक्ट किया तो कंपनी पल्ला झाड़ लिया कि इस नाम का कोई शख्स उनकी कंपनी में लिस्टेड ही नहीं है।
जिसके बाद पूजा मेहता ने प्रधानमंत्री, राज्यपाल, सीएम, एमपी, डीसी और एसपी को पत्र लिखकर अपने पति की सकुशल वापसी की गुहार लगायी थी।


