
Deoghar: देवघर नगर थाना क्षेत्र के बीएड कॉलेज के पास मंगलवार की देर शाम सरेआम बीच सड़क पर हाई वॉल्टेज तमाशा हुआ। ड्रामा हाई प्रोफाइल था इसलिए तमाशबीनों की भीड़ भी काफी रही। दरअसल, विवाद शुरू वहां से हुआ जब आरजेडी नेता की बहु बीजेपी सांसद के आवास पर किसी कार्यक्रम में शामिल होने जा रही थी। ये बात आरजेडी नेता को नागवार गुजरी और बीजेपी सांसद के आवास के सामने ही हंगामा बरस पड़ा।

मामला सूबे के पूर्व मंत्री व आरजेडी नेता सुरेश पासवान और बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे से जुड़ा है। मंगलवार को सांसद निशिकांत दुबे के आवास पर बीजेपी का कार्यक्रम था। जिसमें संभवतः शामिल होने राजद के पूर्व मंत्री सुरेश पासवान की पुत्र वधू विनीता देवी जा रही थीं। इस बात की भनक जब पूर्व मंत्री सुरेश पासवान को लगी तो वह अपने पुत्र रामकृष्ण के साथ घर से निकले और सांसद के आवास से कुछ ही दुरी पर बहु को रोक वापस कर लिया। लेकिन घर वापस लौटने के क्रम में बीएड कॉलेज के पास राजद व भाजपा कार्यकर्ता आमने-सामने हो गए। जिसके बाद घंटो हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा।
बाजार जाने की बात कहकर निकली थी पूर्व मंत्री की पुत्र वधू

बताया जा रहा है कि पूर्व मंत्री की पुत्र बधू घर से बाजार जाने की बात कहकर निकली थी। लेकिन सुरेश पासवान को सूचना मिली कि उनकी बहु भाजपा सांसद निशिकांत दुबे के आवास जा रही हैं। सूचना मिलते ही आनन-फानन में वो बेटे व कार्यकर्ताओं के साथ बीएड कॉलेज के पास पहुंचे और बहू को वापस घर जाने के लिए कहने लगे। इस बीच बहु विनीता देवी पास के किसी अपार्टमेंट में चली गयीं और भाजपा के कार्यकर्त्ता मौके पर पहुंच गए।
MP निशिकांत को अपशब्द कहे जाने पर भड़के BJP कार्यकर्त्ता
फिर क्या था… भाजपा कार्यकर्ताओं को देख पूर्व मंत्री जी और उनकी टोली आग बबूला हो गयी। सांसद निशिकांत के खिलाफ अपशब्द कहा जाने लगा। जिसे सुन भाजपा कार्यकर्ता भड़क गए और फिर सुरेश पासवान को उनके शब्द वापस लेने की जिद पर अड़ गए। काफी देर तक बहस चलती रही। पूर्व मंत्री ने कहा कि हमारे घर की बात है बीच में न पड़ें तो बीजेपी कार्यकर्ताओं ने कहा कि घर की बात घर में रखें, सांसद को अपशब्द न कहें। साथ ही कहा कि नारी सशक्तिकरण और 50 प्रतिशत महिला आरक्षण की बात करते हैं और अपने घर की महिला को आजादी नहीं देते।
वहीं, काफी देर के बाद मोहल्लावासियों और बॉडीगॉर्ड के द्वारा मामले को शांत कराया गया। जिसके बाद सुरेश पासवान अपनी पतोहू को लेकर गाड़ी से वापस लौटे।
यहां बता दें कि कुछ दिन पूर्व ही विनिता देवी ने सांसद निशिकांत दुबे के समक्ष बीजेपी ज्वाइन कर लिया है।


