West Medinipur: आपातकालीन नंबर पर फोन करके भी जब एंबुलेंस नहीं मिली तो रेलवे स्टेशन पर ही एक गर्भवती महिला ने एक बच्चे को जन्म दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार अपराह्न एक 32 वर्षीय गर्भवती महिला को मेदिनीपुर से शालबनी जाना था। महिला मेदिनीपुर स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार कर रही थी। तभी अचानक वह प्रसव पीड़ा से कराहने लगी। आसपास के लोग इकट्ठा हुए। रेल पुलिस के जवान भी मौके पर पहुंचे। लेकिन आरोप है कि 102 नंबर पर फोन करने के बाद भी एंबुलेंस नहीं पहुंची और महिला ने प्लेटफॉर्म नंबर एक के फुटओवर ब्रिज पर एक बेटे को जन्म दिया। बाद में रेलवे पुलिस की ओर से एंबुलेंस की व्यवस्था की गई और मां और नवजात को अस्पताल भेजा गया।
मामले की शिकायत पश्चिम मेदिनीपुर की जिलाधिकारी आयशा रानी को की गई। उन्होंने मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया है। रेल पुलिस सूत्रों के अनुसार महिला की स्थिति को देखते हुए 102 नंबर पर तुरंत कॉल किया गया। लेकिन दूसरी तरफ से जानकारी दी कि दो घंटे से पहले एम्बुलेंस सेवा उपलब्ध नहीं होगी। ऐसी विकट परिस्थिति में महिला ने प्लेटफार्म के फुट ब्रिज पर बच्चे को जन्म दिया। इसके रेल पुलिस की ओर से एंबुलेंस की व्यवस्था की गई और महिला और नवजात को अस्पताल भेजा गया।
अस्पताल सूत्रों के अनुसार फिलहाल महिला और नवजात दोनों स्वस्थ हैं।