
Deoghar: जिले के रिखिया थाना क्षेत्र अंतर्गत लड़किगंज निवासी 65 वर्षीय शंभु पासी की मौत रहस्यमय परिस्थिति में हो गई है। मृतक के पुत्र हरि महथा ने पुलिस को दिए फर्द बयान में बताया गोली महथा, पवन महथा व लखन महथा तीनों मिलकर उनके पिता को किसी काम के लिए कचहरी ले गए। तीनों ने काम के बारे में कुछ नहीं बताया। कुछ देर बाद उन्हें चौधरी चौक के पास छोड़ दिया। इस दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने लगी।

बताया कि स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें नजदीक के चिकित्सक के पास ले गए। जहां चिकित्सक ने तुरंत सदर अस्पताल ले जाने को कहा। जहां से उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल लाने पर यहां चिकित्सक ने जांच के उपरांत मृत घोषित कर दिया।

मृतक के पुत्र ने आशंका व्यक्त करते हुए बताया कि उनके पिता के बायें हाथ के अंगुठा पर स्याही का निशान लगा था। आरोप है कि तीनों व्यक्तियों ने मिलकर उनसे किसी कागजात पर हस्ताक्षर करा लिया है और खाने या पानी में किसी तरह का पदार्थ मिला दिया। जिससे उनकी मौत हो गई।
इधर, सदर अस्पताल परिसर स्थित बैद्यनाथधाम ओपी ने फर्द बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई के लिए संबंधित थाना को भेज दिया है। इधर पोस्टमार्टम के बाद स्वजनों को शव सौंप दिया गया।



