
Deoghar: जिले के कुंडा थाना क्षेत्र निवासी उत्तम कुमार गौतम ने फांसी लगाकर आत्महत्या (suicide) कर ली। युवक साड़ी के सहारे पंखे से लटका हुआ था। जानकारी होते ही कुंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शव को फंदे से नीचे उतारा। पुलिस पदाधिकारियों ने घटना को लेकर परिजनों से पूछताछ की।

मृतक के पिता बृद्धिनाथ चौधरी ने पुलिस पदाधिकारी को बताया कि 2019 में उत्तम ने शादी की थी। शादी के बाद से वह अपनी पत्नी की हरकतों से परेशान रहता था। आए दिन छोटी-छोटी बातों को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद होता रहता था। उसकी पत्नी अक्सर पूरे परिवार को झूठे केस में फंसा देने की धमकी देते रहती थी। एक बार उसकी पत्नी ने महिला थाना में अपने मायके वालों के साथ मिलकर शिकायत दर्ज कराई थी। महिला थाना की पुलिस ने मामले को लेकर दोनों के बीच समझौता भी कराया था। इसके बाद भी उसकी आदतों में कोई सुधार नहीं हुआ।

15 अगस्त की शाम को भी झगड़ा हुआ। इस बात को लेकर उत्तम की मां और बड़ा भाई महिला थाना पहुंचकर मामले की शिकायत की। वापस लौटने पर उत्तम को कमरे में बंद पाया। दरवाजा खोलने का काफी प्रयास किया गया लेकिन अंदर से बंद होने की वजह से नहीं खुला। बाद में धक्का देने पर दरवाजा खुला तो उत्तम के साड़ी के सहारे पंखे से झूलता हुआ पाया। पुलिस मामले को लेकर पड़ताल में जुट गई है।


