
Ranchi: झारखंड विधानसभा के मॉनसून सत्र के चौथे दिन बुधवार को प्रश्नकाल के समय राज्य में ग्राउंड वाटर लेवल से संबंधित विधायक प्रदीप यादव (MLA Pradeep Yadav) के सवाल पर पेयजल स्वच्छता मंत्री मिथिलेश ठाकुर (Drinking Water Sanitation Minister Mithilesh Thakur) फंस गए। प्रदीप यादव ने कहा कि राज्य में किसी-किसी जिले में वाटर लेवल 50 प्रतिशत नीचे चला गया है। रांची का हाल यह है कि यहां का वाटर लेवल 15 मीटर नीचे चला गया है।

जवाब में मिथिलेश ठाकुर ने कहा कि राज्य में बहुत ज्यादा ग्राउंड वाटर में गिरावट नहीं आयी है। सरकार हर महीने इसकी जांच करती है, जो रिपोर्ट सरकार को प्राप्त हुई है उसके अनुसार झारखंड में केवल दो मीटर पानी का स्तर नीचे गया है। उन्होंने कहा कि ग्राउंड वाटर लेवल को बचाने के लिए सरकार के स्तर से बहुत सारी योजनाएं चलाई जा रही है। राज्य में कहीं भी पीने के पानी की दिक्कत नहीं है।

पेयजल स्वच्छता मंत्री के जवाब को चुनौती देते हुए विधायक प्रदीप यादव ने कहा कि राज्य में ग्राउंड वाटर लेवल गिरा है। मेरे पास भारत सरकार की रिपोर्ट है। झारखंड में वर्ष 2019 में भू-जल संरक्षण के लिए नियम बनने का काम शुरू हुआ था। उन्होंने कहा कि पूरा विश्व पानी को लेकर चिंतित है। उन्होंने कहा यह जा रहा है कि तीसरा विश्व युद्ध पानी को लेकर होगा लेकिन मंत्री सदन में इस विषय पर सतही जवाब दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह प्रश्न सरकार को सावधान करने के लिए है, मंत्री इसे अपनी प्रतिष्ठा से नहीं जोड़े।


