
Deoghar: बाबा मंदिर परिसर में जलापर्ण करने आये श्रद्धालुओं का पॉकेट मारते तीन बदमाशों को पुलिस ने पकड़ लिया है। तीनों के पास से चोरी का मोबाइल व नगदी भी बरामद किया गया है। तीनों आरोपियों में एक जिला शेखपुरा बिहार, दूसरा जिला पुरूलिया पश्चिम बंगाल और तीसरा ग्राम चौसा जिला बक्सर, बिहार का रहने वाला है।

घटना को लेकर पटना जिला के बाढ़ के मालपुल निवासी सोनु कुमार ने मंदिर थाना में मामला दर्ज कराया है। उन्होंने कहा है वह मंदिर प्रांगण में आरती कर रहे थे। उसी बीच तीनों उनके आसपास आकर खड़ा हो गया और सोनू के कमर में टंगे बैग को खोलकर चार हजार नगद और मोबाइल निकालकर भागने लगा, जिसे दौड़कर उसने पकड़ लिया। उसी दौरान पकड़ाये पॉकेटमार ने दूसरे को रूपया और मोबाइल दे दिया। तब वह जोर-जोर से चिल्लाने लगा जिससे आसपास के श्रद्धालु और मंदिर परिसर में उपस्थित पुलिस के जवानों के सहयोग से तीनों को दबोच लिया गया।

धराये एक युवक के पास से ओप्पो कंपनी का मोबाइल और पांच सौ नकद, दूसरे के पास से एमटी कंपनी का मोबाइल और एक हजार नकद और तीसरे के पास से रियलमी कंपनी का दो मोबाइल और चार हजार रूपया बरामद किया गया है। पुलिस तीनों के खिलाफ आगे की कार्रवाई कर रही है।


