
Deoghar: जिले के कुंडा थाना क्षेत्र के ग्राम छीट खिजुरिया सातर खरपोश के जनवितरण प्रणाली विक्रेता (public distribution system vendor) लाइसेंस संख्या 5/98 के जगदेव दास पर 42.30 क्विंटल अनाज गबन करने को लेकर थाना में मामला दर्ज कराया गया है। यह मामला कार्ड धारियों के शिकायत पर जांच के बाद प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी (block supply officer) आशीष रंजन ने दर्ज किया है।

मामले में कहा है कि कार्ड धारियों ने उक्त विक्रेता के विरुद्ध आवेदन देकर जिला आपूर्ति पदाधिकारी को शिकायत किया था। जांच प्रतिवेदन के आधार पर उक्त विक्रेता को जिला आपूर्ति पदाधिकारी के ज्ञापांक 4246 दिनांक 9 दिसम्बर 2021 को निलंबित कर दिया गया था। निलंबित अवधि में पुनः कार्ड धारियों द्वारा शिकायत जिला आपूर्ति पदाधिकारी को किया गया था। शिकायत की जांच करने का आदेश प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी को दिया गया। जांच के दौरान 85 कार्डधारियों से पूछताछ की गई।

85 कार्ड धारियों ने बयान दिया कि उन्हें अक्टूबर माह 2021 का निःशुल्क मद का राशन तथा माह नवंबर 2021 का राशन का ई पॉस मशीन में अंगूठा लगाकर भौतिक रूप से उपलब्ध नहीं कराया गया। उसके बाद कार्ड धारियों के बयान तथा राशनकार्ड में प्रविष्टि के आधार पर स्पष्ट हुआ कि 85 कार्डधारकों की अनाज की मात्रा 42.30 क्विंटल का गबन किया गया है। इसकी रिपोर्ट जिला आपूर्ति पदाधिकारी सौंपी गई। उसके उपरांत जनवितरण प्रणाली विक्रेता जगदेव दास पर कार्ड धारकों के साथ धोखाधड़ी एवं फर्जीवाड़ा कर 42.30 क्विंटल अनाज गबन करने के आरोप में मामला दर्ज कराया गया। मामला दर्ज कर कुंडा पुलिस जांच में जुट गई है।


