Deoghar: वो ऐतिहासिक पल जिसका देवघरवासियों को इंतजार था, आखिर आज वो पल आ ही गया। देवघर एयरपोर्ट (Deoghar Airport) पर यात्रियों को लेकर इंडिगो की पहली फ्लाइट अपने निर्धारित समय पर पहुंच चुकी है। कोलकाता से उड़ान भरकर इंडिगो (Indigo) के पहली फ्लाइट ने 11.15 में देवघर एयरपोर्ट पर लैंड किया।
76 यात्रियों को लेकर इंडिगो की फ्लाइट देवघर एयरपोर्ट पहुंची। इन यात्रियों के साथ फ्लाइट में केंद्रीय मंत्री नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी मौजूद थे। कोलकाता से देवघर पहुंचे यात्रियों में खासा उत्साह दिखा। यात्रियों ने इस पल को यादगार बताया। देवघर एयरपोर्ट पर विमान के लैंडिंग के दौरान यात्रियों ने हर-हर महादेव, जय शिव और बोल बम के जमकर नारे लगाए।
यात्रियों ने एयरपोर्ट के सौगात के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और स्थानीय सांसद निशिकांत दुबे को धन्यवाद कहा। यात्रियों ने बताया कि आज उनके लिए यादगार लम्हा है। देवघर एयरपोर्ट एमपी निशिकांत दुबे की कोशिशों का नतीजा है। उन्हें तहे दिल से शुक्रिया। यात्रियों ने सेफ लैंडिंग और देवघर से विमान सेवा शुरू करने के लिए इंडिगो को भी धन्यवाद कहा
बता दें कि कुछ ही देर में पीएम मोदी भी देवघर एयरपोर्ट पहुंचेंगे और देवघर एयरपोर्ट का उद्घाटन कर झारखंडवासियों को बड़ी सौगात देंगे।