
Deoghar: प्रधानमंत्री के दौरे से पहले गोड्डा सांसद निशिकांत दूबे ने संथाल की सियासत में सेंध लगाते हुए बड़ा खेल कर दिया है। सूबे के पूर्व मंत्री और राजद के कद्दावर नेता सुरेश पासवान की बहू को बीजेपी में शामिल करा सांसद ने यह साबित कर दिया है कि, सियासत के शतरंज पर मोहरे की चाल चलने में आज भी उनकी कोई सानी नहीं।

पुनसी की पूर्व मुखिया और पूर्व मंत्री की बहू विनीता देवी ने खुद सांसद आवास पहुंचकर सदस्यता ग्रहण करने की बात का ऐलान किया। मीडिया से मुखातिब होते हुए कहा कि, देश और राज्य का विकास सिर्फ भाजपा ही कर सकती है यही वजह है कि, गोड्डा संसदीय क्षेत्र के लोकप्रिय सांसद और विकास पुरुष के साथ काम कर उनकी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ना चाहती हैं।

आपको बता दें कि, विनीता देवी के ससुर सुरेश पासवान राज्य के पूर्व पर्यटन मंत्री रह चुके हैं और लालू यादव की पार्टी राष्ट्रीय जनता दल के झारखण्ड में कद्दावर नेता के तौर पर जाने जाते हैं। साल 2019 में हुए झारखंड विधानसभा चुनाव में भी सुरेश पासवान को बड़े ही मामूली अंतर से हार का सामना करना पड़ा था।



