
Deoghar: रांची में हिंसा की घटना को देखते हुए देवघर जिला में प्रशासन अलर्ट पर है। जिले के कई इलाकों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गए हैं। पुलिस-प्रशासन सभी इलाकों में नजर बनाए हुए है, जबकि सोशल मीडिया में खास निगरानी बढ़ा दी गई है। एक-एक गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।

देवघर डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने जिले के सभी अनुमंडल दंडाधिकारियों, प्रखण्ड विकास पदाधिकारियों, अंचलाधिकारियों, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों और थाना प्रभारियों को सुरक्षा व्यवस्था व विधि व्यवस्था संधारण के साथ पूर्ण रूप से सतर्क रहने का निर्देश दिया है। डीसी ने सभी वरीय अधिकारियों को एक्टिव मोड पर रहने का निर्देश दिया, ताकि क्षेत्र में किसी भी छोटी-मोटी समस्या का तत्काल और उचित समाधान किया जा सके।

उपायुक्त ने शहर से लेकर गांवों तक सुरक्षा के दुरूस्त इंतजाम को लेकर सभी प्रखण्ड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी एवं पुलिस टीम को समन्वय के साथ लगातार अपने-अपने प्रखंडो की निगरानी का निदेश दिया है, ताकि अमन पसंद लोग सुरक्षित महसूस करें और असामाजिक तत्वों पर भी नजर बनी रहे।
सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी
देवघर डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने किसी भी अफवाह को ससमय रोकने के लिए सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया है। साथ ही आपत्तिजनक टिप्पणी या उकसाने वाले भाषण या किसी प्रकार के गलत सूचना का त्वरित खंडन करते हुए संबंधित पर कार्रवाई करने का निदेश दिया गया है। इसके अलावे तत्काल उपायुक्त कार्यालय को इससे सूचित करने को कहा है। उन्होंने कहीं की घटना को स्थानीय बता कर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर अफवाह फैलाने और सद्भावना बिगाड़ने की कोशिशों पर नजर रखते हुए सोशल मीडिया पर पूरी तरह से एक्टिव रहने का निदेश सोशल मीडिया टीम के सभी सदस्यों को दिया है।
सभी SDM व SDPO को निर्देश
उपायुक्त ने सभी धार्मिक स्थलों, रेलवे स्टेशन, बस पड़ाव सहित अन्य सार्वजिनक स्थानों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया है। इसके अलावे उन्होंने जिले में संवेदनशील स्थानों, धार्मिक स्थलों आदि की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सभी अनुमंडल दंडाधिकारियों को आपसी सांमजस्य स्थापित करते हुए कानून व्यवस्था व शांति बनाए रखने का निर्देश दिया हैं। साथ ही असमाजिक तत्वों व आपसी सौहार्द बिगाड़ने वाले लोगों पर तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया। आगे उन्होंने पूर्व से चिह्नित गड़बड़ी वाले इलाके पर विशेष नजर रखने और एहतियाती कदम उठाने का निर्देश संबंधित अधिकारियों व पुलिस पदाधिकारियों को दिया है।


