
Ranchi : झारखण्ड की राजधानी रांची सहित देवघर जिले के मधुपुर में कई व्यवसायियों के ठिकानों पर इनकम टैक्स विभाग की छापेमारी गुरुवार सुबह से चल रही है। जानकारी के मुताबिक सुबह से ही इनकम टैक्स टीम मधुपुर अनुमंडल के जगदीशपुर स्थित रेल स्लीपर बनाने वाले कारखाना में छापेमारी चल रही है।

रांची में कुल 12 जगहों पर आयकर विभाग के अधिकारियों द्वारा छापामारी की जा रही है। कारोबारी बाबूलाल प्रेमकुमार के घर प्रतिष्ठानों पर इनकम टैक्स की ओर से रेड की जा रही है। आयकर विभाग की टीम ने रांची शहर के प्रतिष्ठित व्यवसायी पुनीत पोद्दार , उनके भाई और उनसे जुड़े रांची-कोलकाता के 15 ठिकानों पर सुबह से ही छापेमारी शुरू कर दी। यह ठिकाने, पुनित पोद्दार उनके भाई, व्यवसायिक सहयोगी और चार्टर्ड अकाउंटेंट से संबंधित हैं।

कांके रोड स्थित उमा शांति अपार्टमेंट और प्रेमसंस मोटर शोरूम पर इनकम टैक्स के अधिकारी कागजात खंगाल रहे हैं। इसके अलावा होटल आर्या स्थित सीए नरेश केजरीवाल के घर पर भी आयकर की टीम छापेमारी कर रही है। पुनित पोद्दार और उनके भाई का कपड़ा और आटोमोबाइल सेक्टर में बड़ा निवेश है।
व्यवसायी पुनित पोद्दार पर कर चोरी का आरोप है, जिसकी जानकारी मिलने के बाद आयकर विभाग ने ये छापेमारी शुरू की है। जगदीशपुर स्थित मुभा रेल स्लीपर कारखाना में आयकर टीम के अधिकारी दस्तावेजों को खंगाल रही है। सभी जगह आयकर विभाग की टीम जरूरी दस्तावेजों की जांच कर रही है।
रेड में पटना, बनारस, जमशेदपुर, धनबाद की टीम शामिल हैं। करीब 40 गाड़ी से आयकर विभाग के अधिकारी छापमारी के लिए रांची पहुंचे।


