
Deoghar: देवघर-दुमका रेल मार्ग पर जिले के रिखिया थाना क्षेत्र के पुनसिया खपरोडीह गांव के पास रेलवे लाइन पर से मंगलवार की देर शाम को एक युवक का शव बरामद किया गया।

घटना की जानकारी मिलते ही रिखिया थाना के एसआइ सिकंदर सिंह ने मौके पर पहुंचकर घटना की छानबीन की। मृतक की उस वक्त पहचान नहीं हो पायी थी। पुलिस ने उसकी जेब से एक मंगलसूत्र का लॉकेट व एक सिंदूर का पुड़िया बरामद किया था। वहीं उसके जेब से एक टूटा हुआ मोबाइल भी बरामद किया गया था।

उक्त मोबाइल के आधार पर ही पुलिस छानबीन के क्रम में उसके बारे में पता चला। बाद में पुलिस ने उसका शव पोस्टमार्टम के लिए देवघर सदर अस्पताल भेज दिया। उपरांत परिजन सदर अस्पताल पहुंचे और मृतक की पहचान की। मृतक राज महथा उर्फ विकास मूल रूप से कुंडा थाना क्षेत्र के चरकीपहाड़ी गांव का रहने वाला था। हालांकि वह बचपन से अपने नाना घर नगर थाना क्षेत्र के छत्तीसी मोहल्ले में रह रहा था।
मृतक के नाना रवि महथा ने बताया कि राजू का जमीन व लड़की को लेकर कुछ लोगों से विवाद हुआ था। उसके मुताबिक इसको लेकर गोली भी चलायी गयी थी। हालांकि उन लोगों के द्वारा इसकी शिकायत पुलिस से नहीं की गयी थी। आरोप है कि साजिश के तहत उसे बुलाकर हत्या कर दी गयी। वहीं साक्ष्य छुपाने की नीयत से शव को रेलवे की पटरी पर रख दिया। पुलिस मामले से जुड़े सभी बिंदुओं की गहन छानबीन कर रही है।
ये पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि ये हत्या है, आत्महत्या या फिर हादसा। वहीं इस मामले के पीछे किसी लड़की से जुड़ी हुई बात तो नहीं है इस बारे में भी छानबीन की जा रही है।



