
Ranchi: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन (Chief Minister Hemant Soren) ने गृह विभाग, स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग एवं वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अधिकारियों को रिक्त पदों पर भर्ती की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए है. मुख्यमंत्री ने कहा कि इन तीनों विभागों में नियुक्ति नियमावलियों की सभी बाधाओं को दूर करते हुए एक माह के भीतर अधियाचना झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) को भेजें. सीएम ने आज झारखंड मंत्रालय में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में ये बातें कहीं.

झारखंड के गृह विभाग के 13 हजार 473, स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के 38 हजार तथा वन विभाग के 4 हजार 51 विभिन्न श्रेणियों के रिक्त पदों की जानकारी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को दी गई. इन रिक्तियों के संबंध में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जल्द से जल्द इन सभी पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाएं. मुख्यमंत्री ने कहा कि नियुक्ति प्रारंभ होने से राज्य के युवाओं को ज्यादा से ज्यादा अवसर मिलेगा और संबंधित विभागों में रिक्त पड़े पदों को तत्काल भरा जा सकेगा. मुख्यमंत्री ने तीनों विभागों में नियुक्ति नियमावलियों की सभी बाधाओं को दूर करते हुए एक माह के भीतर अधियाचना झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) को भेजने को कहा.

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सभी विभागीय रिक्तियों को शीघ्रता से भरने के लिए प्रतिबद्ध है. विभागों में रिक्त पदों पर जल्द से जल्द चयन हो सके, इसके लिए नियुक्ति नियमावली एवं रोस्टर से संबंधित जितनी भी विसंगतियां हैं, उन्हें दूर कर विज्ञापन प्रकाशित करने का प्रयास करें.


