
Deoghar: मंगलवार को दिनदहाड़े हथियार से लैस अपराधियों ने देवघर जिले मोहनपुर थाना क्षेत्र के देवघर-दुमका मुख्य मार्ग पर स्थित एसबीआइ के सिरसा ब्रांच से 16 लाख 12 हजार रुपये नगद लूट लिया। बताया जाता है कि बैंक में कैश वाहन आया था। वाहन के वहां से जाने के बाद अपराधियों ने बैंक में घुसकर लूट की घटना को अंजाम दिया। घटना दोपहर करीब 1:45 बजे की है।

जानकारी के अनुसार बिना नंबर की तीन बाइक पर सवार होकर आए पांच अपराधियों ने वारदात को अंजाम दिया। सभी अपराधियों ने मास्क से अपना चेहरा ढक रखा था। घटना के बाद अपराधी बाइक पर सवार होकर तेजी से देवघर की ओर भागे।

बैंक में घुसने के बाद चार अपराधी हथियार लेकर बैंक के अंदर घुसे वहीं एक बाहर इंतजार कर रहे थे। अंदर घुसते ही अपराधियों ने हथियार के बल पर वहां मौजूद ग्राहक व स्टाफ को कब्जे में ले लिया। उसके बाद पिस्तौल के नोंक पर नकदी लूटकर फरार हो गए। बैंक में पहले से कुछ राशि थी। वहीं कैश वैन से वहां 15 लाख लाया गया था।
घटना की सूचना मिलने पर देवघर एसपी सुभाष चंद्र जाट, एसडीपीओ पवन कुमार, मोहनपुर थाना प्रभारी प्रेम भारती सदलबल मौके पर पहुंचकर घटना की छानबीन की। वहीं जिले की सीमाओं को सील कर तत्काल वाहन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया गया है। पुलिस अपराधियों की तलाश में छापेमारी कर रही है। बैंक के सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला जा रहा है।


