Deoghar: यूपीएससी (UPSC) जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा में देवघर का दबदबा पूरे देश के सिर चढ़कर बोलने लगा है। इस साल भी देवघर के तीन लाल ने यूपीएससी परीक्षा (UPSC CSE 2021) में अपनी जगह सुनिश्चित की है।
देवघर के उत्सव आंनद ने यूपीएससी में 26वां, आयुष वत्स ने 74वां और चिरंजीव आनंद ने 126वां रैंक हासिल कर अपने इलाके का नाम रौशन किया है।
देवघर कास्टर टाउन के रहने वाले उत्सव आंनद ने आईआईटी मुंबई से अपनी पढ़ाई पूरी की है। उत्सव आंनद ने अपनी पहली ही कोशिश में यह सफलता हासिल की है। बड़ी बात यह है कि उत्सव ने यह सफलता देवघर में अपने घर पर ही तैयारी कर पाई है। उत्सव के मुताबिक, पिछले दो साल कोरोना बंदी के दौरान वह घर पर ही थे और उसी समय का सदुपयोग करते हुए उन्होंने यूपीएससी जैसी कठिन परीक्षा की तैयारी की और उन्हें सफलता मिली है। उत्सव आंनद ने पहले अटेम्प में ही 26वां रैंक लाकर न सिर्फ अपने परिवार बल्कि पुरे इलाके का नाम देश में रौशन किया है।
देवघर के विलियम्स टाउन मोहल्ले के रहने वाले आयुष वत्स ने देश में 74वां स्थान लाया है। आयुष ने दिल्ली से मेकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है। आयुष ने भी पहली बार की कोशिश में ही देश की सबसे प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता हासिल की है।
वहीं, देवघर के चिरंजीव आनंद को देश में 126वां स्थान मिला है। चिरंजीव आनंद चांदनी चौक के पास के रहने वाले हैं। चिरंजीव ने अपनी पढ़ाई-लिखाई दिल्ली से पूरी की है। उनके पिता अशोक झा पेशे से अधिवक्ता हैं।
फिलहाल देवघर के इन तीनो लाल की सफलता से लोग बेहद खुश हैं।