
Deoghar : देवघर नगर थाना इलाके में स्थित पुराना बस स्टेंड के पास सोमवार को नये TOP का उद्घाटन किया गया। टीओपी का उद्घाटन देवघर डीसी नमन प्रियेश लकड़ा, एसपी सौरभ और एसडीएम रवि कुमार ने संयुक्त रूप से किया।

मौके पर उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा ने कहा कुल ऐसे 06 टीओपी का निर्माण कराया गया है। इसी कड़ी में आज पुराना प्राइवेट बस स्टैंड समीप टीओपी का शुभारंभ किया गया है। उन्होंने कहा कि श्रावणी मेला के दौरान देवघर आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षा तो मिलेगी ही साथ ही अन्य दिनों में भी इन टीओपी के माध्यम से आम जनमानस की सुरक्षा होगी।

साथ ही उन्होंने कहा कि पुलिस अधीक्षक के साथ शहर के विभिन्न संवेदनशील स्थलों के साथ-साथ मंदिर क्षेत्रों का मैपिंग कर लिया गया है, इन क्षेत्रों में सुरक्षाबलों व टीओपी को तकनीकी रूप से और भी मजबूत किया जा रहा है। इन क्षेत्रों में सीसीटीवी के साथ-साथ एएनपीआर कैमरे का अधिष्ठापन जल्द ही कराया जायेगा, जिससे क्राईम कन्ट्रोल में मदद तो मिलेगी।

साथ ही असमाजिक तत्वों को सीसीटीवी के फुटेज के माध्यम से चिन्हित कर उनपर कड़ी कार्रवाई की जा सकेगी। पुलिस अधीक्षक सौरभ ने कहा कि अपराध नियंत्रण को ध्यान में रखते हुए देवघर पुलिस द्वारा पुराने प्राइवेट बस स्टैंड के समीप टीओपी का निर्माण कराया गया है।
कई बार हमलोगों को शिकायत मिल रही थी कि यहां छिनतई व आपराधिक घटनाएं घटित हो रही थी। जिसे रोकने के उदेश्य से यहां टीओपी की शुरूआत की गयी है।
इसके अलावे बेलाबगान, पुनसिया, बिलासी टाउन व सदर अस्पताल में टीओपी शुरू की गयी है। साथ ही देवघर पुलिस का प्रयास है कि शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में अपराध को नियंत्रित किया जा सके, इसी उदेश्य से टीओपी का निर्माण कराया गया है।
इस मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार, संबंधित अधिकारी व पुलिस पदाधिकारी आदि उपस्थित थे।


