
Deoghar: देवघर नगर थाना क्षेत्र के साकेत बिहार कॉलोनी में 25 वर्षीय शादीशुदा युवक ने गमछे के सहारे फांसी लगाकर अपनी इहलीला समाप्त कर ली। घटना शनिवार की देर रात की बताई जाती है।

मृतक सदानंद राय मूल रूप से जसीडीह थाना क्षेत्र के मंझियाना का रहने वाला था। देवघर नगर थाना क्षेत्र के साकेत बिहार कॉलोनी में बड़े भाई के साथ सदानंद किराए के मकान में रह रहा था। तीन वर्ष पूर्व उसकी शादी बिहार के लखीसराय जिला के सरोजनी कुमारी से हुआ था। उसे कोई बच्चा नहीं था। बताया जा रहा कि मृतक एचडीएफसी बैंक में फाइनेंसर का काम करता था। 9 मई को उसनेवहां नौकरी छोड़कर दूसरे संस्थान में जॉब के लिए कोशिश कर रहा था।

पुलिस को दिए बयान में मृतक की पत्नी सरोजनी ने कहा है कि जेठ आनंद कुमार राय और गोतनी रेणु देवी व पति के साथ साकेत बिहार कॉलोनी में किराए के मकान में रह रही थी। दांपत्य जीवन में सबकुछ ठीक ठाक चल रहा था। उसने बताया कि नौकरी छोड़ने के बाद उसके पति काफी तनाव में रह रहे थे।
उसने बताया कि 28 मई को वह किचन में खाना बना रही थी। पति अपने भाई के दोनों बच्चों के साथ छत पर थे। कुछ देर बाद वे छत से उतर कर कमरे में चले गए और दरवाजा सटा दिया। रात के 9 बजे जब वह पति से खाना खाने को लेकर पूछने कमरे में गई तो देखा कि पति छत में लगे पंखे से गमछा के सहारे फांसी के फंदे से लटके हुए हैं। वह जोर से चिल्लाने लगी तो गोतनी और अगल-बगल के लोग दौड़ कर आये। उसके बाद उसे फंदे से उतारकर सदर अस्पताल पहुंचाया। जहां ऑन ड्यूटी डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
घटना कि जानकारी मिलते ही बैद्यनाथधाम ओपी प्रभारी विनोद कुमार सिंह पहुंचे और परिजनों से घटना की बावत जानकारी ली। रविवार को शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इधर नगर पुलिस घटना को लेकर पड़ताल में जुट गई है।


