
Deoghar: देवघर जिले के कुंडा थाना क्षेत्र के करनीबाग स्थित पेट्रोल पंप के पास अनियंत्रित कार ने एक बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का नाम पिंकू वर्मा है जो नगर थाना क्षेत्र के पुरनदाहा का रहने वाला है।

बताया जाता है कि पिंकू शहर की ओर से मधुपुर जा रहा था। उसी दौरान पेट्रोल पंप के पास अनियंत्रित स्वीफ्ट कार ने पीछे से बाइक सवार को जोरदार धक्का मार दिया। घटना के बाद कार चालक वाहन लेकर भागने का प्रयास किया। रास्ते में खड़ी एक साइकिल पर भी कार को चढ़ा दिया जो कार के नीचे फंस गया। जानकारी मिलते ही घटनास्थल पर स्थानीय लोगों का भीड़ जमा हो गया। स्थानीय लोगों के सहयोग से घायल पिंकू को इलाज के लिये करनीबाग स्थित निजी अस्पताल पहुंचाया गया। लोगों ने कार पर सवार सभी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही कुंडा थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और कार को जब्त कर थाना लाया। वहीं कार सवार तीन लोगों को हिरासत में ले लिया गया।


