Deoghar: जिले के देवीपुर थाना क्षेत्र के पलजोरी गांव में दर्दनाक हादसा हुआ। यहां सड़क किनारे बैठ कर बात कर रहे दो युवकों को अनियंत्रित वाहन ने अपनी चपेट में ले लिया। जिसमें एक की मौत हो गयी जबकि दूसरा जख्मी है।
मृतक का नाम 17 वर्षीय प्रीतम तुरी है। वहीं घायल का नाम विजय मंडल है। मृतक के परिजनों ने सवारी वाहन चालक पर लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए धक्का मारने का आरोप लगाया है।
मृतक प्रीतम के पिता जलधर तुरी ने कहा कि उनका बेटा और गांव के ही विजय मंडल सड़क किनारे बैठ कर आपस में बात कर रहे थे। उसी बीच मधुपुर की तरफ से एक सवारी गाड़ी का चालक काफी तेजी व लापरवाही से वाहन चलाते हुए आया और दोनों को जोरदार धक्का मार दिया। जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राइवेट वाहन से दोनों को इलाज के लिये सदर अस्पताल पहुंचाया गया। जहां प्रीतम को ऑन ड्युटी डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
इधर वैद्यनाथधाम ओपी प्रभारी विनोद कुमार सिंह ने शव का पंचनामा कर पोस्टर्माटम के लिये भेज दिया। पुलिस घटना की छानबीन कर रही है।