
Deoghar: जिले के जसीडीह थाना क्षेत्र स्थित भलसुधिंया गांव में हथियारबंद अपराधियों ने तांडव मचाया है। घटना मंगलवार देर रात की है। बताया जा रहा है कि हथियार से लैस अपराधियों ने लाखो की संपत्ति लूट ली और फरार हो गए। घटना की जानकारी थाना को दी गई है ।

मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार की रात भलसुधिंया गांव के रामदेव यादव अपने नए मकान पर बाहर सो रहे थे। जबकि परिवार के अन्य सदस्य कमरे के अंदर सोये हुए थे। तभी देर रात करीब बारह बजे दस से पन्द्रह की संख्या में अपराधियो ने घर पर धावा बोल दिया। पहले तो बाहर रामदेव यादव को कब्जे में लेकर उनके साथ मारपीट की। पीड़ित की ओर से जब हो-हल्ला किया जाने लगा तो अपराधियों ने घर के अंदर कमरे में सोया उनका बेटा दिनेश्वर यादव और पत्नी को कमरे से बाहर निकाल कर गोली मारने और पत्नी को अगवा करने की धमकी देते हुए दुकान में बेची गई राशि की मांग करने लगे। जबकि अन्य अपराधी घर की घेराबंदी कर दुकान में रखे सामानो को बोरा में रख रहे थे।

अपराधियो ने एक लैपटॉप, दो मोबाइल, चांदी का चेन, बारह हजार नगद, एटीएम कार्ड, दो टीन सरसों का तेल, आधार कार्ड, पेन कार्ड, बीस बोतल कोल्ड ड्रिंक, एक डिजिटल तराजू समेत दुकान से कई तरह के सामान लूट कर फरार हो गये। इस दौरान अपराधियो ने परिवार के सदस्यो को अलग अलग कमरे मे बंद कर दिया।
सभी अपराधी लगभग 25 से 30 वर्ष के थे। घटना के काफी देर बाद आसपास के लोगों ने दरवाजा खोलकर पीड़ित को बाहर निकाला। पीड़ित ने घटना की लिखित शिकायत थाना को दी है। घटना को लेकर आसपास के क्षेत्रो में दहशत का माहौल व्याप्त है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है ।


