
Ranchi: आय से अधिक संपत्ति के मामले में गिरफ्तार की गयीं झारखंड की सीनियर आईएएस पूजा सिंघल को रांची के होटवार स्थित बिरसा मुंडा जेल भेज दिया गया है। ईडी ने उन्हें बुधवार शाम गिरफ्तार करने के बाद जज कॉलोनी में एडिशनल ज्यूडिशिल कमिश्नर और स्पेशल जज प्रभात कुमार शर्मा के आवासीय कोर्ट में पेश किया।

ईडी ने अदालत से उन्हें 12 दिन के रिमांड पर देने की दरख्वास्त की, जिसपर सुनवाई करते हुए अदालत ने उन्हें 12 मई से 5 दिनों के रिमांड पर भेजने की मंजूरी दी। चूंकि रिमांड की अवधि 12 मई से शुरू हो रही है, इसलिए 11 मई की रात तक के लिए उन्हें जेल भेजा गया है।

पूजा सिंघल को कड़ी सुरक्षा के बीच ED की स्पेशल कोर्ट में न्यायाधीश के समक्ष प्रस्तुत किया गया। इस दौरान ED के वकील ने अदालत से यह आग्रह किया कि पूजा सिंघल को सात दिनों की रिमांड पर लेने की इजाजत दी जाये। लेकिन कोर्ट ने सिर्फ पांच दिनों की रिमांड की मंजूरी दी है। न्यायालय से आदेश मिलने के बाद अब ED पूजा सिंघल से पांच दिनों तक पूछताछ कर सकती है।


