
Ranchi: पश्चिम सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर (Chakradharpur in West Singhbhum district) में एक व्यक्ति ने अपने दो बच्चों की निर्ममता पूर्वक हत्या कर दी और इसके बाद खुद फांसी के फंदे पर झूल गया। घटना चक्रधरपुर के इंदकाटा गांव की है। पुलिस के अनुसार, मंगलवार रात मुकेश महतो ने घर में सोये पुत्र 12 वर्षीय संगम महतो और 9 वर्षीया पुत्री मानसी महतो की गला दबाकर हत्या कर दी और इसके बाद अपने गले में फंदा लगाकर जान दे दी।
प्रेम विवाह किया था

मुकेश महतो ने करीब 15 साल पहले संजू महतो से प्रेम विवाह किया था। बताया जा रहा है कि संजू नशे का आदी था और इस वजह से घर में पारिवारिक तनाव रहता था। वारदात के पहले उसने अपने ससुर को फोन कर कहा कि उनसे दोनों बच्चों को जान से मार दिया है और खुद फांसी लगा रहा है।
गांव में सनसनी

घटना की जानकारी मिलते ही गांव में सनसनी फैल गयी। मुकेश की पत्नी संजू महतो का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस को सुबह घटना की जानकारी मिली। चक्रधरपुर पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की तहकीकात की जा रही है।


