
Giridih: जिले के बेंगाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत चापुवाड़ीह गांव में शादी के दूसरे दिन मंगलवार को एक युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई।

बताया गया है कि चापुवाडीह निवासी शंकर राम के पुत्र संतोष कुमार लोहानी की शादी बीते सोमवार को जमुआ चौक निवासी प्रह्लाद राम गुप्ता की पुत्री पूजा कुमारी के साथ हुई थी। विवाह गिरिडीह शहर के भंडारीडीह स्थित माहुरी छात्रावास में सम्पन्न हुआ था। दूसरे दिन मंगलवार को सामाजिक विधि-विधान पूरा होने के बाद पति-पत्नी लगभग बारह बजे रात एक कमरे में सोने चले गए। एक घंटे के बाद ही नव विवाहिता पूजा ने परिजनों को बताया कि उसके पति की मौत हो गई है।

खबर सुनते ही घरवालों ने आसपास के लोगों को बुलाया। बेंगाबाद पुलिस को भी सूचना दी गई। पुलिस ने युवक का शव पोस्टमार्टम के लिए बुधवार को गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया है। इस बावत बेंगाबाद थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का खुलासा हो सकता है।



