
Sahibganj: बोरियो के शिबू सोरेन जनजातीय डिग्री महाविद्यालय (Shibu Soren Tribal Degree College) में बोरियो विधायक लोबिन हेम्ब्रम (Borio MLA Lobin Hembram) ने 1932 खतियान के आधारित नियोजन नीति को लेकर जन आक्रोश महासभा का आयोजन किया। इस सभा से पार्टी के अंदर ही हलचल तेज हो गई है। जेएमएम (JMM) के स्तर से लगातार इस आयोजन पर पार्टी के वरिष्ठ नेता लोबिन हेम्ब्रम पर हमलवार हो रहे हैं।

वहीं, जेएमएम के वरिष्ठ विधायक स्टीफन मरांडी ने लोबिन हेंब्रम पर पार्टी के विरुद्ध कार्य करने का आरोप लगाया है। जिसको लेकर लोबिन हेम्ब्रम ने पलटवार किया। विधायक लोबिन ने कहा कि जो स्टीफन मरांडी पार्टी की हित की बात करते हैं। वह उस समय कहां थे जब वह स्वयं कांग्रेस में चले गए थे फिर जेएमएम में आए। उन्होंने नसीहत दी कि इस नीति के बारे में स्टीफन को भी इस आंदोलन में शरीक होना चाहिए था।


इधर, लोबिन हेम्ब्रम ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर भी सवाल उठाया कि जब हेमंत सोरेन ने बीजेपी से मिल कर सरकार बनाई थी तब हमने विरोध किया था। बीजेपी के साथ सरकार बनाने व सरकार को अस्थिर करने के सवाल को लोबिन हेम्ब्रेम ने सीधे तौर पर खारिज किया। उन्होंने कहा कि सरकार को अस्थिर करने का जो आरोप लगाया जा रहा है वह बेबुनियाद है। पार्टी की कार्रवाई पर विधायक लोबिन हेंब्रम ने कहा कि आखिर पार्टी हमारे पर क्या कार्रवाई करेगी। यही ना करेगी कि हमको विधानसभा में टिकट नहीं देगी। अगर टिकट नहीं मिली तो क्या होगा। हम चुनाव नहीं लड़ते, जनता चुनाव लड़ती है।

वहीं, जनसभा में उमड़ी भीड़ से लोबिन काफी उत्साहित नजर आये। जन आक्रोश सभा में आदिवासी परंपरागत हथियारों और संगीत वाद्य के साथ लोगों ने शिरकत किया।


