
Ranchi: कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के बुलावे पर दिल्ली पहुंचे झारखंड कांग्रेस के सभी विधायकों और वरिष्ठ नेताओं के साथ राहुल गांधी ने मंगलवार को बैठक की। इस दौरान राहुल गांधी ने प्रदेश कांग्रेस के नेताओं से कहा कि पहले संगठन मजबूत करें। गठबंधन खुद मजबूत होगा।

वहीं दूसरी ओर झारखंड सरकार और संगठन की कार्यशैली से नाराजगी की बात को लेकर प्रदेश कांग्रेस के सभी विधायकों ने राहुल गांधी के समक्ष अपनी अपनी बातों को रखा। राहुल ने सभी विधायकों को पार्टी संगठन की मजबूती पर काम करने का निर्देश दिया। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि अगर संगठन मजबूत होगा, तभी हमारी गठबंधन सरकार मजबूत होगी और तभी हम भाजपा के देशविरोधी नीति को रोक पाएंगे। इसी मूल मंत्र के साथ राहुल गांधी ने झारखंड कांग्रेस के सभी विधायकों को वापस भेजा।

इस अवसर पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी अविनाश पांडेय ने कहा है कि ‘राहुल गांधी के साथ मेरी और झारखंड कांग्रेस नेताओं की बैठक में इस बात पर मंथन हुआ कि संगठन को और मजबूत एवं धारदार बनाया जाए। सभी चुनावी वायदों को जल्द पूरा किया जाए इस पर भी वार्ता हुई।

हमारे विधायकों के मन में राज्य, संगठन और गठबंधन को लेकर जो भी शंका थी, उसपर राहुल गांधी के समक्ष बातचीत हुई है। बातचीत सकारात्मक हुई। राहुल गांधी ने सभी विधायकों को एकजुट होकर पार्टी कार्यक्रमों, कॉमन मिनिमम प्रोग्राम को लागू करने का निर्देश दिया। ओबीसी को 27 प्रतिशत आरक्षण के एक सवाल पर अविनाश पांडेय ने कहा कि यह कांग्रेस की चुनावी मैनिफेस्टो में शामिल हैं।
हमारी पार्टी अपने मैनिफेस्टो की बातों से कोई समझौता नहीं करेगी। इसे लेकर हम सरकार पर दबाव डालेंगे। साथ ही समन्वय के माध्यम से बोलेंगे। झारखंड की जनता से हमनें जो भी वादें किये हैं, उसे हम जरूर पूरा करेंगे। विधायकों की नाराजगी को लेकर पूछे सवाल पर राजेश ठाकुर ने कहा कि ऐसी कोई बात नहीं है। सभी विधायकों की इच्छा थी कि राहुल गांधी से मिलेंगे, उसी के तहत आज हम अपने नेता से मिलने आये थे।
पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुबोधकांत सहाय ने कहा कि विधायकों और शीर्ष नेतृत्व के बीच संवाद का जो अभाव था, वह आज दूर हुआ है। राहुल गांधी ने सभी विधायकों और पार्टी नेताओं से कहा है कि अगर पार्टी मजबूत रहेगी, तो गठबंधन भी मजबूत रहेगी। इसलिए संगठन को मजबूत कीजिए। मौके पर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी अविनाश पांडेय, प्रदेश अध्य़क्ष राजेश ठाकुर सहित सभी विधायक उपस्थित थे।